Rashtriya Seva Johar / Sun, Mar 29, 2026 / Post views : 49
बलौदाबाजार-भाटापारा।
जिला पंचायत सदस्य क्षेत्र क्रमांक–11 श्रीमती अंजली विमल साहू ने क्षेत्र में रेत खदान को पुनः प्रारंभ करने के प्रयासों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन से इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।
जारी प्रेस विज्ञप्ति में उन्होंने कहा कि पूर्व में कलेक्टर दीपक सोनी द्वारा क्षेत्र में भारी वाहनों एवं मशीनों पर लगाए गए प्रतिबंध के कारण अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण हुआ था। इस निर्णय से पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिला, नदी-नालों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई तथा आमजन को काफी राहत मिली थी। इसके साथ ही क्षेत्र में संतोष और विश्वास का वातावरण भी निर्मित हुआ था।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में रेत खदान को पुनः शुरू करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रयास किए जाने की जानकारी सामने आ रही है, जिससे ग्रामीणों में असंतोष और चिंता का माहौल बन गया है। उनका कहना है कि यदि खनन कार्य दोबारा शुरू होता है, तो इससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान, सड़कों की खराब स्थिति, जल स्रोतों के क्षरण और ग्रामीण जीवन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ने की आशंका है।
श्रीमती अंजली विमल साहू ने जनप्रतिनिधि होने के नाते क्षेत्रवासियों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन से मांग की है कि रेत खदान को पुनः प्रारंभ करने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए और पूर्व में लागू प्रतिबंध को यथावत रखा जाए।
उन्होंने विश्वास जताया कि प्रशासन जनहित और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उचित निर्णय लेगा, जिससे क्षेत्र की जनता को राहत मिल सके।
विज्ञापन
विज्ञापन