रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। गंज थाना क्षेत्र में एक जेल प्रहरी के बैंक खाते से करीब 95 हजार रुपये गायब हो गए। बताया जा रहा है कि मोबाइल में तकनीकी समस्या के कारण पीड़ित ने YONO, Paytm और PhonePe जैसे पेमेंट एवं बैंकिंग ऐप हटाकर मोबाइल को फॉर्मेट कराया था। दो दिन बाद जब उन्होंने दोबारा ये ऐप डाउनलोड किए, तब खाते से रकम निकाले जाने की जानकारी सामने आई।
मिली जानकारी के अनुसार, जेल प्रहरी के मोबाइल में YONO, Paytm और PhonePe ठीक से काम नहीं कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने मोबाइल को फॉर्मेट कराया। मोबाइल फॉर्मेट कराने के करीब दो दिन बाद जब उन्होंने बैंकिंग और पेमेंट ऐप दोबारा इंस्टॉल किए, तो पता चला कि उनके बैंक खाते से करीब 95 हजार रुपये की रकम निकल चुकी है।
खाते से रकम गायब होने की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि रकम यूनिटी स्मॉल फाइनेंस बैंक के एक खाते में ट्रांसफर हुई है। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
गंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन और संबंधित खाते की जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।
फिलहाल साइबर एक्सपर्ट और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। लोगों को सलाह दी जा रही है कि मोबाइल फॉर्मेट करने या किसी संदिग्ध गतिविधि के बाद अपने बैंक खाते, UPI और अन्य डिजिटल पेमेंट पर नजर रखें। किसी भी तरह की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन