Simran Mallick / Tue, Sep 29, 2026 / Post views : 2
बिजनेस : अगर आपको अक्टूबर में बैंक की ब्रांच से जुड़ा कोई जरूरी काम है, तो उसे समय रहते निपटा लेना बेहतर रहेगा। RBI के हॉलिडे कैलेंडर के मुताबिक अक्टूबर 2026 में अलग-अलग राज्यों और बैंकिंग सेंटर के हिसाब से कुल 16 दिन बैंकिंग कामकाज प्रभावित रहेगा। हालांकि, ये सभी छुट्टियां पूरे देश में एक साथ लागू नहीं होंगी। छुट्टियों में स्थानीय त्योहारों के अलावा शनिवार और रविवार की नियमित छुट्टियां भी शामिल हैं।
2 अक्टूबर से शुरू होंगी बैंक छुट्टियां
अक्टूबर की शुरुआत बैंक छुट्टी से होगी। 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे। इसके बाद 4 अक्टूबर को रविवार की छुट्टी होगी। 10 अक्टूबर को दूसरा शनिवार होने के साथ कुछ राज्यों में महालया अमावस्या के कारण भी बैंक बंद रहेंगे। 11 अक्टूबर को रविवार की वजह से सभी बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
नवरात्रि और दशहरे पर कई दिन बैंक बंद
त्योहारों के कारण अक्टूबर के मध्य में बैंकिंग छुट्टियों की संख्या बढ़ जाएगी। 17 अक्टूबर को महासप्तमी के कारण त्रिपुरा में बैंक बंद रहेंगे, जबकि 18 अक्टूबर को रविवार की छुट्टी होगी।
19 अक्टूबर को दशहरा, महाष्टमी, महानवमी, आयुध पूजा और दुर्गा पूजा जैसे त्योहारों के कारण कई राज्यों में बैंक बंद रहेंगे। इनमें असम, बिहार, झारखंड, कर्नाटक, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, ओडिशा, तमिलनाडु, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल और अरुणाचल प्रदेश शामिल हैं।
20 से 23 अक्टूबर तक भी अलग-अलग जगह छुट्टियां
20 अक्टूबर को विजयादशमी और दुर्गा पूजा के चलते कई प्रमुख बैंकिंग सेंटर में शाखाएं बंद रहेंगी। इनमें दिल्ली, अगरतला, अहमदाबाद, बेंगलुरु, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, देहरादून, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कोच्चि, कोहिमा, कोलकाता और लखनऊ समेत कई केंद्र शामिल हैं।
21 अक्टूबर को भी कुछ राज्यों में बैंकिंग अवकाश रहेगा। वहीं 22 और 23 अक्टूबर को सिक्किम में दुर्गा पूजा/दशैन के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
महीने के आखिरी सप्ताह में भी छुट्टियां
अक्टूबर के अंतिम दिनों में भी बैंक की कई छुट्टियां रहेंगी। 24 अक्टूबर को चौथा शनिवार और 25 अक्टूबर को रविवार होने के कारण देशभर में बैंक बंद रहेंगे।
इसके बाद 26 अक्टूबर को लक्ष्मी पूजा, एक्सेशन डे और महर्षि वाल्मीकि जयंती के कारण चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर और त्रिपुरा में बैंक बंद रहेंगे। 29 अक्टूबर को करवा चौथ के कारण हिमाचल प्रदेश में बैंकिंग अवकाश रहेगा। वहीं 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती के कारण गुजरात में बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
डिजिटल बैंकिंग सेवाएं रहेंगी जारी
बैंक शाखाएं बंद रहने के बावजूद डिजिटल बैंकिंग सेवाएं आम तौर पर जारी रहेंगी। ग्राहक मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और UPI के जरिए लेनदेन कर सकेंगे। ATM से नकद निकासी की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
हालांकि, चेक क्लियरेंस और ब्रांच से जुड़े दूसरे जरूरी काम बैंक अवकाश के कारण प्रभावित हो सकते हैं। इसलिए ग्राहकों को सलाह है कि वे अपने राज्य और बैंकिंग सेंटर के अनुसार छुट्टी की तारीख देखकर जरूरी काम पहले ही निपटा लें।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन