RESHAM SAHU / Mon, Oct 26, 2026 / Post views : 8
सरहर। साहू हेल्पलाइन जांजगीर-चांपा एवं शक्ति के तत्वावधान में 25 अक्टूबर 2026 को ग्राम सरहर में निःशुल्क स्वास्थ्य जाँच एवं रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 204 मरीजों की स्वास्थ्य जाँच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं, वहीं 25 लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।
शिविर में ग्राम सरहर की 36 वर्षीय सुनीता साहू ने रक्तदान कर प्रेरणादायक मिसाल पेश की। इस अवसर पर एम्स रायपुर की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा साहू ने मंच पर उनका सम्मान किया। रक्तदाताओं को हेलमेट एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के तैलचित्र पर पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह चंद्रशेखर देवांगन, सामाजिक सद्भाव प्रमुख योगेश शर्मा, सह विभाग कार्यवाह लक्ष्मी नारायण सोनी, खंड कार्यवाह अजय सराफ, साहू संघ शक्ति के जिला कार्यकारी अध्यक्ष रूप नारायण साहू तथा साहू संघ जांजगीर के कोषाध्यक्ष हेमंत साहू अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि चंद्रशेखर देवांगन ने अपने उद्बोधन में ऐसे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज को इन आयोजनों से प्रेरणा लेकर आगे भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करने चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोगों को लाभ मिल सके। योगेश शर्मा ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे पुनीत कार्य बताया।
इस अवसर पर चिकित्सा प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय प्रभारी डॉ. आशा गुप्ता, राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. आकांक्षा साहू, डॉ. आशा साहू, डॉ. यशस्वी साहू, डॉ. जीवन साहू, डॉ. यमक साहू एवं डॉ. हरिकेश साहू सहित चिकित्सकों ने अपनी सेवाएँ प्रदान कीं।
कार्यक्रम के संयोजक साहू हेल्पलाइन के अशोक कुमार साहू ने सभी चिकित्सकों को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम के अंत में रामरतन साहू ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य सेवा और रक्तदान के जरिए मानवता एवं सामाजिक सहयोग का प्रेरक संदेश दिया गया।
Tags :
स्वास्थ्य शिविर
रक्तदान शिविर
सरहर
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन