RESHAM SAHU / Sat, Oct 17, 2026 / Post views : 66
कबीरधर्मनगर/दमाखेड़ा। महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परम पूज्य सद्गुरु कबीर धर्म नगरी दमाखेड़ा में “स्वस्थ नारी, सशक्त नारी” अभियान के अंतर्गत दो दिवसीय महिला स्वास्थ्य शिविर का आयोजन 19 एवं 20 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। यह शिविर तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित किया जा रहा है।


शिविर का आयोजन पंथ श्री हुज़ूर गृद मुनि नाम साहब स्मृति चिकित्सालय, कबीरधर्मनगर, दमाखेड़ा में किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य किशोरियों एवं महिलाओं तक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता, उचित परामर्श और आवश्यक जांच की सुविधा पहुंचाना है।
इस अवसर पर 20 अक्टूबर 2026 को एम्स रायपुर की स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. आकांक्षा साहू विशेष रूप से उपस्थित रहकर महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्रदान करेंगी।
शिविर में किशोरियों एवं महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए पीसीओडी/पीसीओएस एवं किशोरी स्वास्थ्य, स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता, सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम, सामान्य स्वास्थ्य जांच तथा मासिक धर्म स्वच्छता एवं गरिमा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के अंतर्गत आवश्यकता के अनुसार चिकित्सकीय परीक्षण, मासिक धर्म संबंधी परामर्श, एनीमिया एवं बीएमआई की जांच तथा महिलाओं को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। साथ ही, सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए एचपीवी टीकाकरण संबंधी जानकारी और स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान के महत्व से भी अवगत कराया जाएगा।
आयोजकों ने बताया कि महिलाओं का स्वस्थ रहना परिवार और समाज की मजबूती के लिए आवश्यक है। इस पहल का उद्देश्य स्वास्थ्य संबंधी संकोच एवं भ्रांतियों को दूर करना तथा महिलाओं को समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना है।
आयोजकों ने क्षेत्र की समस्त महिलाओं एवं किशोरियों से अपील की है कि वे इस स्वास्थ्य शिविर में सहभागिता कर उपलब्ध सुविधाओं एवं चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाएं और महिला स्वास्थ्य जागरूकता के इस अभियान से जुड़ें।
Tags :
कबीर धर्मनगर दामाखेड़ा
स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉक्टर आकांक्षा साहू एम्स
प्रकाश मुनि नाम साहेब
उदित मुनि नाम साहेब
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन