नई दिल्ली/रायपुर: बैंक ग्राहकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल फिलहाल स्थगित कर दी गई है। 27 सितंबर की रात भारतीय बैंक संघ (IBA) और यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बीच हुई बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। ऐसे में 28, 29 और 30 सितंबर को बैंक शाखाओं के सामान्य रूप से संचालित होने की उम्मीद है।
हड़ताल क्यों स्थगित हुई?
IBA और UFBU के बीच हुई बैठक में बैंक कर्मचारियों की लंबित मांगों पर आगे बातचीत जारी रखने पर सहमति बनी। दोनों पक्षों ने शनिवारों को अवकाश घोषित करने के मुद्दे पर एक उच्चस्तरीय समिति गठित करने का फैसला किया है। यह समिति विभिन्न विकल्पों पर विचार करेगी और सभी हितधारकों, खासकर बैंक ग्राहकों के लिए स्वीकार्य समाधान तलाशेगी।
क्या 5 डे वर्किंग लागू हो गई?
नहीं। बैंक कर्मचारियों के लिए अभी 5 डे वर्किंग वीक लागू नहीं हुई है। सभी शनिवारों को छुट्टी देने का मुद्दा अभी विचाराधीन है। इसके लिए IBA और UFBU की उच्चस्तरीय समिति बनाई जाएगी, जो इस मामले पर आगे चर्चा करेगी। इसलिए 28 से 30 सितंबर को बैंक खुलने का मतलब यह नहीं है कि पांच दिवसीय कार्य सप्ताह को मंजूरी मिल गई है।
बैंक कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
बैंक यूनियन लंबे समय से सप्ताह में पांच दिन काम और शनिवार-रविवार अवकाश की मांग कर रही हैं। इसके अलावा पुरानी पेंशन योजना (OPS), NPS से जुड़े विकल्प, लंबित वेतन संशोधन तथा Performance Linked Incentive (PLI) से संबंधित मुद्दे भी उनकी प्रमुख मांगों में शामिल हैं। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह इस आंदोलन का प्रमुख मुद्दा रहा है।
अब क्या होगा?
हड़ताल स्थगित होने के बाद बातचीत का रास्ता खुला है। शनिवारों की छुट्टी के मुद्दे पर गठित समिति आगे सभी विकल्पों पर विचार करेगी। वहीं स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए PLI तथा अन्य लंबित मुद्दों पर भी चर्चा जारी रहेगी। फिलहाल ग्राहकों को 28, 29 और 30 सितंबर को प्रस्तावित हड़ताल के कारण शाखा सेवाएं बंद होने की चिंता नहीं है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन