अंबिकापुर: सरगुजा में निजी बस संचालकों पर यात्रियों से निर्धारित किराए से ज्यादा रकम वसूलने के आरोप लगे हैं। यात्रियों की शिकायत है कि कई बसों में किराया सूची तक प्रदर्शित नहीं की गई है, जिसके चलते उनसे दूरी के हिसाब से तय किराए के बजाय मनमाना पैसा लिया जा रहा है।
शिकायत के मुताबिक अंबिकापुर-रामानुजगंज रूट पर निर्धारित किराया करीब ₹115 है, लेकिन कुछ यात्रियों से ₹200 तक वसूले जाने का आरोप है। मामले की शिकायत सीएम पोर्टल तक पहुंचने के बाद यह मुद्दा चर्चा में आ गया है।
इसी तरह अंबिकापुर से बिलासपुर जाने वाले यात्रियों से निर्धारित करीब ₹230 किराए के बजाय ₹400 तक लिए जाने की शिकायत सामने आई है। यात्रियों का आरोप है कि किराया सूची नहीं होने के कारण उन्हें सही किराए की जानकारी भी नहीं मिल पाती।
सरगुजा में रेल और हवाई कनेक्टिविटी सीमित होने के कारण बस परिवहन आम लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में बसों में निर्धारित किराया सूची का प्रदर्शन नहीं होने पर सवाल उठ रहे हैं।
नियमों के मुताबिक यात्रियों को निर्धारित किराए की जानकारी मिलनी चाहिए, लेकिन कई बसों में इसका पालन नहीं होने की शिकायत है। इसको लेकर सत्तापक्ष से जुड़े लोगों ने भी जिम्मेदार अधिकारियों पर सवाल उठाए हैं और मामले की शिकायत प्रभारी मंत्री व मुख्यमंत्री तक करने की बात कही है।
परिवहन विभाग के उड़नदस्ता प्रभारी आशाम्बर द्विवेदी के मुताबिक कुछ बसों में अधिक किराया वसूले जाने की शिकायत पर कार्रवाई की गई है। हालांकि, सवाल यह है कि अगर नियम पहले से तय हैं तो उनके पालन के लिए शिकायत का इंतजार क्यों किया जा रहा है?
अब देखना होगा कि परिवहन विभाग आगे कितनी सख्ती करता है और क्या सभी बसों में किराया सूची अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराई जाती है। फिलहाल यात्रियों से कथित मनमाने किराए की वसूली का मुद्दा सरगुजा में गर्म है।
Tags :
Ambikapur
#CGNews
#SargujaNews
#BusFareControversy
#BusOvercharging
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन