Simran Mallick / Thu, Oct 8, 2026 / Post views : 3
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज के बीच आकाशीय बिजली गिरने से तीन किसानों की मौत हो गई। कोटा क्षेत्र में अलग-अलग जगहों पर हुए इन हादसों में किसानों की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, पहला हादसा लखोदना गांव में हुआ। गांव निवासी 41 वर्षीय मन्ना यादव अपने 45 वर्षीय साढ़ू कुंजराम यादव के साथ खेत में काम करने गया था। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई और दोनों आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से झुलस गए।
परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को तत्काल कोटा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं, दूसरा हादसा मानपुर गांव में हुआ। यहां 45 वर्षीय जागेश्वर जगत खेत की मेड़ बांधने के लिए गया था। इसी दौरान तेज बारिश और आंधी शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए जागेश्वर एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गया। इसी दौरान पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से वह उसकी चपेट में आ गया।
हादसे के बाद जागेश्वर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। दोनों घटनाओं की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
लगातार बदल रहे मौसम के बीच प्रशासन ने लोगों से बारिश और आंधी के दौरान खुले खेतों, पेड़ों और अन्य असुरक्षित स्थानों पर खड़े नहीं होने की अपील की है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन