Simran Mallick / Thu, Sep 24, 2026 / Post views : 2
रायपुर। नवरात्रि से पहले छत्तीसगढ़ में सोशल मीडिया पर किराए पर गरबा पार्टनर उपलब्ध कराने का दावा करने वाली पोस्ट वायरल हो रही है। पोस्ट में सिल्वर, गोल्ड और प्लेटिनम जैसी अलग-अलग कैटेगरी के पैकेज और उनके रेट बताए गए हैं। मामले को लेकर रायपुर समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में चर्चा और विरोध शुरू हो गया है। रायपुर में कुछ लोगों ने इस संबंध में पुलिस से शिकायत भी की है, जिसके बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
वायरल पोस्ट में अलग-अलग पैकेज का दावा
सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के मुताबिक, सिल्वर पैकेज के लिए 1,000 से 2,500 रुपये, गोल्ड पैकेज के लिए 5,000 रुपये और प्लेटिनम पैकेज के लिए 6,000 रुपये तक की राशि का दावा किया गया है। पोस्ट में दो घंटे तक साथ गरबा करने, मैचिंग आउटफिट और सेल्फी जैसी सुविधाओं का भी उल्लेख किया गया है।
कुछ पोस्ट में अतिरिक्त निजी मुलाकातों और आउटिंग से जुड़े दावे भी किए गए हैं। हालांकि, इन वायरल पोस्ट की वास्तविकता और इनके पीछे कौन लोग हैं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।
साइबर ठगी की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
वायरल पोस्ट के बाद यह सवाल भी उठ रहा है कि कहीं यह लोगों को आकर्षित कर पैसे ऐंठने या साइबर ठगी का तरीका तो नहीं है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल पोस्ट तथा उससे जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स की जानकारी जुटाई जा रही है।
देश के अन्य शहरों में भी सामने आए ऐसे पोस्ट
इस तरह के पोस्ट केवल छत्तीसगढ़ तक सीमित नहीं बताए जा रहे हैं। अहमदाबाद, सूरत और मुंबई समेत अन्य शहरों में भी गरबा पार्टनर से जुड़े सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने की जानकारी है। इन पोस्ट के पीछे वास्तविक उद्देश्य क्या है और इनमें दिए गए दावे कितने सही हैं, इसकी जांच की जा रही है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन