Simran Mallick / Sat, Oct 3, 2026 / Post views : 7
रायपुर: राजधानी रायपुर में क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक डॉक्टर से 25 लाख 66 हजार 900 रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद आजाद चौक पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, अगस्त 2026 में दुर्ग कामधेनु विश्वविद्यालय के मेडिकल ऑफिसर राकेश कुमार मिश्रा की फेसबुक के जरिए रेशमी गुप्ता नाम की युवती से बातचीत शुरू हुई। युवती ने उन्हें क्रिप्टोकरेंसी में निवेश से अच्छा मुनाफा होने का भरोसा दिलाया। इसके बाद उसने राकेश मिश्रा की बातचीत सुरेश चौहान नाम के व्यक्ति से कराई।
आरोप है कि दोनों ने डॉक्टर को एक ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर रजिस्ट्रेशन कराया। शुरुआत में निवेश पर मुनाफा दिखाया गया, जिससे उनका भरोसा बढ़ गया। इसके बाद बाइनेंस ट्रेडिंग ऐप पर भी खाता बनवाकर लाभ की रकम दिखाई गई।
इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग बैंक खातों और UPI के जरिए रकम जमा करानी शुरू की। धीरे-धीरे डॉक्टर से कुल 25 लाख 66 हजार 900 रुपये जमा करा लिए गए।
जब राकेश मिश्रा ने 22 सितंबर को अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने राशि जारी करने के लिए कथित तौर पर 'RBI गाइडलाइन' के तहत वेरिफिकेशन चैनल फीस जमा करने की मांग की। शिकायतकर्ता ने जब संबंधित RBI गाइडलाइन का पत्र मांगा तो उन्हें एक दस्तावेज भेजा गया। जांच करने पर वह दस्तावेज कथित तौर पर फर्जी पाया गया।
इसके बाद डॉक्टर को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। उन्होंने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क किया और फिर आजाद चौक थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन