RESHAM SAHU / Thu, Sep 24, 2026 / Post views : 7
बलौदाबाजार। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत रायपुर के जोरा स्थित प्रतिष्ठा मांगलिक भवन में आयोजित तीन दिवसीय ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं मास्टर ट्रेनर प्रशिक्षण शिविर में बलौदाबाजार शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सेन ने सहभागिता की। रायपुर संभाग के विभिन्न ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों एवं मास्टर ट्रेनरों के लिए आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया।
प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य कांग्रेस संगठन को वार्ड, बूथ और जमीनी स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा कांग्रेस की विचारधारा और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान संगठन संचालन, कार्यकर्ताओं की भूमिका, जनसंपर्क, सामाजिक समरसता, धर्मनिरपेक्षता तथा संगठनात्मक गतिविधियों को निरंतर सक्रिय रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया गया।
शिविर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने संगठन को मजबूत करने, भाजपा सरकार की नाकामियों को जनता के समक्ष प्रभावी ढंग से रखने तथा कांग्रेस कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ संगठन के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में युवाओं की भूमिका और उनकी सक्रिय भागीदारी पर विस्तार से प्रकाश डाला। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने वर्तमान राजनीति में धर्म एवं धर्मनिरपेक्षता के महत्व पर मार्गदर्शन दिया। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ सरकार के राजस्व तथा जनकल्याणकारी योजनाओं में होने वाले व्यय से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी।
इसी क्रम में पूर्व गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने सत्ता और संगठन के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर विचार रखे। पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू ने कृषि एवं सिंचाई के क्षेत्र में कांग्रेस सरकारों के योगदान की जानकारी दी। वहीं एआईसीसी से आए सौरभ वाजपेयी ने देश के निर्माण में स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर आजादी के बाद तक कांग्रेस के योगदान और उसकी ऐतिहासिक भूमिका पर विस्तार से जानकारी प्रदान की।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान संगठन को मजबूत बनाने के लिए वार्ड से लेकर बूथ स्तर तक नियमित संपर्क, सक्रिय कार्यकर्ता नेटवर्क, जनसमस्याओं को प्राथमिकता तथा जनता के बीच निरंतर उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बलौदाबाजार शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सेन ने कहा कि संगठन सृजन अभियान के तहत प्राप्त प्रशिक्षण से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में मिली सीख को बलौदाबाजार शहर के प्रत्येक वार्ड और बूथ तक पहुंचाकर संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं और मजबूत संगठन के माध्यम से ही जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया जा सकता है।
प्रशिक्षण शिविर के समापन अवसर पर प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रवीण सेन ने कहा कि यह प्रशिक्षण केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि संगठन को मजबूत करने के लिए मिली जिम्मेदारी को जमीन पर उतारना ही इसकी वास्तविक सफलता होगी।
Tags :
रायपुर छत्तीसगढ़
कांग्रेस प्रशिक्षण शिविर
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन