Simran Mallick / Sat, Oct 3, 2026 / Post views : 7
रायपुर: छत्तीसगढ़ में सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ा अवसर सामने आया है। राज्य सरकार की ओर से 7 और 8 अक्टूबर 2026 को रायपुर में दो दिवसीय राज्यस्तरीय रोजगार मेला आयोजित किया जा रहा है। इस रोजगार मेले के जरिए करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य है।
कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग द्वारा यह आयोजन बूढ़ापारा स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में किया जाएगा। अब तक 62 कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से 9,449 रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त हो चुकी है। अन्य कंपनियों से भी संपर्क जारी है, ऐसे में रिक्तियों की संख्या बढ़ सकती है।
इस रोजगार मेले में अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता और कौशल वाले अभ्यर्थियों के लिए अवसर उपलब्ध हैं। 10वीं और 12वीं पास, ITI, डिप्लोमा, इंजीनियरिंग, कृषि स्नातक, सामान्य स्नातक, MBA और MCA सहित विभिन्न योग्यता रखने वाले युवा अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
तकनीकी क्षेत्र में मशीन ऑपरेटर, असेंबली ऑपरेटर, फिटर, वेल्डर, इलेक्ट्रिशियन, इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन, मेंटेनेंस इलेक्ट्रिशियन, मैकेनिकल इंजीनियर और क्वालिटी इंस्पेक्टर जैसे पद शामिल हैं।
इसके अलावा कंप्यूटर ऑपरेटर, कस्टमर केयर एग्जीक्यूटिव, टेलीकॉलर, रिलेशनशिप मैनेजर, सेल्स एग्जीक्यूटिव और सेल्स ऑफिसर के पदों पर भी अवसर उपलब्ध हैं।
रोजगार मेले में बैंकिंग, फाइनेंस और HR से जुड़े पदों के साथ स्वास्थ्य एवं देखभाल क्षेत्र में नर्सिंग स्टाफ और केयरटेकर के अवसर भी उपलब्ध हैं। सुरक्षा क्षेत्र में गार्ड और सुपरवाइजर तथा परिवहन क्षेत्र में ड्राइवर, डिलीवरी कर्मी, बाइक राइडर और पिकर-पैकर जैसे पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
युवा अपनी शैक्षणिक योग्यता, कौशल और रुचि के अनुसार उपलब्ध रिक्तियों का चयन कर सकते हैं।
रोजगार मेले के लिए कई निजी कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों ने रिक्तियां उपलब्ध कराई हैं। इनमें Quess Corp, Randstad India, Rajasthan Textile Mills-Sutlej Textiles, Vardhman Textiles, Genus Power Infrastructures और Airtel Payments Bank सहित कई संस्थाएं शामिल हैं।
इसके अलावा Instacart, Spandana Sphoorty Financial, Svatantra Microfin, NIIT, AISECT, Shanta Techno, Rajat Equipments और First Fly Corporate जैसी कंपनियां भी रोजगार मेले में हिस्सा लेंगी।
रोजगार मेले में आवेदन और चयन प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए ई-रोजगार पोर्टल का इस्तेमाल किया जा रहा है। कंपनियों और प्लेसमेंट एजेंसियों से प्राप्त रिक्तियों को पोर्टल पर प्रदर्शित किया जा रहा है।
इच्छुक युवा erojgar.cg.gov.in पर रजिस्ट्रेशन कर उपलब्ध पदों की जानकारी देख सकते हैं और अपनी पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवारों को रोजगार मेले में जाने से पहले पोर्टल पर उपलब्ध रिक्तियों और संबंधित कंपनी की पात्रता शर्तों की जांच कर लेना चाहिए।
रोजगार मेले के दूसरे दिन यानी 8 अक्टूबर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गुरु खुशवंत साहेब चयनित युवाओं को ऑफर लेटर वितरित करेंगे।
सरकार का उद्देश्य राज्य के शिक्षित और प्रशिक्षित युवाओं को उनकी योग्यता और कौशल के अनुरूप निजी क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
रोजगार विभाग के आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 और 2025-26 में राज्य एवं जिला स्तरीय रोजगार मेलों और प्लेसमेंट कैंप के जरिए 9,463 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।
वित्त वर्ष 2024-25 में 311 प्लेसमेंट कैंप और रायपुर, दुर्ग एवं बिलासपुर में आयोजित रोजगार मेलों में 5,314 अभ्यर्थी चयनित हुए। वहीं वित्त वर्ष 2025-26 में 245 प्लेसमेंट कैंप तथा रायपुर, बलौदाबाजार और दुर्ग में आयोजित रोजगार मेलों में 4,149 अभ्यर्थियों का चयन हुआ।
वित्त वर्ष 2026 में सितंबर तक राज्य में 224 प्लेसमेंट कैंप और रोजगार मेलों का आयोजन हो चुका है, जिनमें 8,878 अभ्यर्थियों का चयन हुआ है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन