Simran Mallick / Mon, Sep 28, 2026 / Post views : 39
रायपुर: राजधानी रायपुर में सोमवार, 28 सितंबर को गणेश विसर्जन झांकी चल समारोह का आयोजन किया जा रहा है। झांकी के चलते शहर की यातायात व्यवस्था में शाम 6 बजे से बदलाव किया जाएगा। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि जरूरी काम होने पर घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन लेकर न जाएं।
चार सेक्टर में बांटी गई सुरक्षा व्यवस्था
गणेश झांकी और विसर्जन चल समारोह को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पूरे क्षेत्र को चार सेक्टर में बांटा गया है। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी ASP और DSP स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। इसके अलावा सादी वर्दी में क्राइम ब्रांच के जवान भी तैनात रहेंगे।
इन प्रमुख मार्गों पर रहेगा प्रतिबंध
गणेश झांकी का मार्ग शारदा चौक से जयस्तंभ चौक, मालवीय रोड, कोतवाली चौक, सदर बाजार, कंकालीपारा चौक, पुरानी बस्ती थाना तिराहा, लाखेनगर चौक, सुंदरनगर रोड और रायपुरा चौक होते हुए महादेव घाट विसर्जन स्थल तक निर्धारित किया गया है।
झांकी के दौरान इस पूरे मार्ग पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन का ही उपयोग करें।
श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए यहां होगी पार्किंग
झांकी में शामिल होने रायपुर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इनमें मल्टीलेवल पार्किंग, रजबंधा मैदान, शास्त्री मार्केट, सीरत मैदान, सप्रे शाला मैदान, इंडोर स्टेडियम, गांधी मैदान, भैंसथान मैदान, जवाहर मार्केट और हिंद स्पोर्ट्स मैदान शामिल हैं।
टाटीबंध से आने वाले वाहन
टाटीबंध की ओर से आने वाले वाहन महोबा बाजार, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, तेलघानी नाका, रेलवे स्टेशन चौक और फाफाडीह चौक होते हुए शास्त्री चौक की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा टाटीबंध से रिंग रोड नंबर-1 होते हुए पचपेड़ी नाका मार्ग का भी उपयोग किया जा सकेगा।
भनपुरी और तेलीबांधा से आने वालों के लिए डायवर्जन
भनपुरी की ओर से आने वाले वाहन फाफाडीह चौक, रेलवे स्टेशन चौक और तेलघानी नाका होते हुए टाटीबंध की ओर जा सकेंगे।
वहीं तेलीबांधा की ओर से आने वाले वाहन तेलीबांधा चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह चौक और रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे। इसके अलावा वाहन चालक कालीबाड़ी मार्ग का भी इस्तेमाल कर सकेंगे।
पचपेड़ी नाका से आने वालों के लिए मार्ग
पचपेड़ी नाका की ओर से आने वाले वाहन पचपेड़ी नाका चौक, टिकरापारा चौक, कालीबाड़ी चौक, महिला थाना, शास्त्री चौक और फाफाडीह चौक होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर जा सकेंगे।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन नहीं ले जाने की अपील की है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन