Simran Mallick / Thu, Oct 8, 2026 / Post views : 3
रायपुर: छत्तीसगढ़ की महतारियों के लिए नवरात्रि से पहले बड़ी खुशखबरी है। महतारी वंदन योजना की 32वीं किस्त का भुगतान 8 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय दुर्ग में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रदेश की पात्र महिला हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के माध्यम से किस्त की राशि ट्रांसफर करेंगे।
महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ में 1 मार्च 2024 से लागू की गई थी। योजना के तहत अब तक पात्र महिलाओं को 31 किस्तों में सहायता राशि दी जा चुकी है। योजना का उद्देश्य महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण के साथ-साथ कुपोषण और एनीमिया जैसी समस्याओं की रोकथाम में सहयोग करना है।
अक्टूबर 2026 की 32वीं किस्त के लिए ई-केवाईसी पूरा कर चुकी 67 लाख 38 हजार 217 महिला हितग्राहियों को कुल 632 करोड़ 40 लाख 4 हजार 250 रुपये की राशि डीबीटी के जरिए भुगतान की जाएगी।
विभाग के अनुसार वर्तमान स्थिति में योजना के लिए कुल 68 लाख 52 हजार 661 हितग्राही पात्र हैं। इनमें से 67 लाख 31 हजार 314 हितग्राहियों की किस्त के भुगतान के लिए अनुमोदन किया गया है। इसके अलावा नियद नेल्लानार क्षेत्र के 6,903 हितग्राहियों के लिए 12वीं किस्त के भुगतान को भी अनुमोदित किया गया है।
महतारी वंदन योजना शुरू होने के बाद अब तक प्रदेश की महिलाओं को 31 किस्तों में कुल 20,075.71 करोड़ रुपये की सहायता राशि का भुगतान किया जा चुका है। 32वीं किस्त के भुगतान के बाद योजना के तहत कुल स्वीकृत भुगतान राशि बढ़कर करीब 20,708.11 करोड़ रुपये हो जाएगी।
योजना के तहत लाभार्थियों को राशि सीधे उनके बैंक खातों में DBT (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से भेजी जाती है। इससे महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता मिल रही है और वे अपनी जरूरतों के अनुसार इस राशि का उपयोग कर पा रही हैं।
योजना के लिए कुल 70 लाख 27 हजार 154 महिलाओं ने आवेदन किया था। इनमें पात्र पाए गए 70 लाख 9 हजार 578 हितग्राहियों को 10 मार्च 2024 को योजना की पहली किस्त का भुगतान किया गया था।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन