Simran Mallick / Thu, Sep 3, 2026 / Post views : 1
जांजगीर-चांपा: छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की कार्रवाई लगातार जारी है। बिलासपुर ACB की टीम ने जांजगीर-चांपा जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किरारी में रिश्वतखोरी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए प्राचार्य अंजुला सोनी और सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी विकास मसीह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपियों ने एक कर्मचारी से वेतन वृद्धि के बाद मिलने वाली एरियर राशि निकालने के एवज में 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत की मांग से परेशान कर्मचारी ने मामले की शिकायत ACB से की।
शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि होने के बाद बिलासपुर ACB ने ट्रैप कार्रवाई की योजना तैयार की।
योजना के तहत शिकायतकर्ता को रिश्वत की रकम के साथ आरोपियों के पास भेजा गया। जैसे ही प्राचार्य अंजुला सोनी और सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी विकास मसीह ने 10 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, मौके पर मौजूद ACB की टीम ने दोनों को पकड़ लिया।
ACB ने रिश्वत की रकम भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई के बाद सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी करने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। ACB की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
Tags :
# #JanjgirChampa
#BriberyCase
#Chhattisgarh
#PrincipalArrested
#ACBAction
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन