Simran Mallick / Fri, Oct 9, 2026 / Post views : 1
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय स्तर की बास्केटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है। एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल में 10 से 14 अक्टूबर 2026 तक ISSO नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप 2026-27 आयोजित की जाएगी। इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के IB और Cambridge अंतरराष्ट्रीय विद्यालयों की 46 टीमें हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता में अंडर-17 बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे उद्घाटन
चैंपियनशिप का उद्घाटन समारोह 10 अक्टूबर 2026 को सुबह 8:30 बजे आयोजित होगा। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे प्रतियोगिता में भाग लेने वाले युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे।
देशभर के प्रतिष्ठित स्कूलों की टीमें होंगी शामिल
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल, मुंबई और द श्रीराम मिलेनियम स्कूल, एनसीआर सहित कई प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय विद्यालयों की टीमें हिस्सा लेंगी। विभिन्न राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
खेल भावना और टीमवर्क को मिलेगा बढ़ावा
पांच दिवसीय प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को प्रोत्साहित करना है। इसके माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ दूसरे राज्यों के विद्यार्थियों से मिलने और उनके अनुभव साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
आयोजन की तैयारियां पूरी करने में जुटा विद्यालय
एन.एच. गोयल वर्ल्ड स्कूल इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी को लेकर तैयारियों में जुटा है। खिलाड़ियों और अतिथियों के स्वागत सहित प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रतियोगिता का समापन समारोह 14 अक्टूबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।
रायपुर में आयोजित होने वाली यह चैंपियनशिप छत्तीसगढ़ में स्कूली खेलों को प्रोत्साहित करने और युवा बास्केटबॉल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगी।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन