Simran Mallick / Wed, Sep 30, 2026 / Post views : 6
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में छत्तीसगढ़ मंत्रिपरिषद की अहम बैठक आज 30 सितंबर 2026 को मंत्रालय महानदी भवन में होगी। बैठक सुबह 11:30 बजे से मंत्रिपरिषद कक्ष में प्रस्तावित है। इसमें उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत सभी मंत्री शामिल होंगे।
नवरात्रि से पहले होने वाली इस बैठक में किसानों, प्रशासनिक मामलों और प्रदेश से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा होने की संभावना है। धान खरीदी से जुड़े विषयों को लेकर भी बैठक पर नजर है। हालांकि, बैठक से पहले किन प्रस्तावों को अंतिम मंजूरी मिलेगी, इसकी आधिकारिक जानकारी बैठक के बाद ही स्पष्ट होगी।
पिछली कैबिनेट बैठक में हुए थे कई अहम फैसले
इससे पहले 9 सितंबर 2026 को हुई कैबिनेट बैठक में सरकार ने रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी थी। इनमें मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं NIPUN मिशन प्रमुख रहा। इसके लिए आगामी पांच वर्षों में 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
कैबिनेट ने छत्तीसगढ़ निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 को भी मंजूरी दी थी। इसका उद्देश्य राज्य में निर्यात इकोसिस्टम और लॉजिस्टिक्स इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करना तथा कृषि और औद्योगिक उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देना है।
इसके अलावा नवा रायपुर अटल नगर में नेशनल स्किल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (NSTI) की स्थापना के लिए ग्राम तेंदुवा में 10 एकड़ जमीन आवंटित करने, सरकारी एवं संबद्ध संस्थानों के कर्मचारियों के लिए अन्य शासकीय सेवाओं में आवेदन की अधिकतम आयु सीमा 38 से बढ़ाकर 45 वर्ष करने और दुर्ग में नए जिला न्यायालय भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने जैसे प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई थी।
अब 30 सितंबर की बैठक में किन नए प्रस्तावों पर मुहर लगती है, इसका ब्यौरा बैठक के बाद सामने आएगा। रिपोर्टों के अनुसार बैठक के बाद उपमुख्यमंत्री अरुण साव सरकार के महत्वपूर्ण फैसलों की जानकारी दे सकते हैं।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन