Simran Mallick / Sun, Sep 27, 2026 / Post views : 5
धमतरी। गंगरेल बांध के 14 गेट खोले जाने के बाद धमतरी जिले के निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। इस बीच कुरूद ब्लॉक के नारी इलाके से एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया है। यहां बाढ़ के पानी में शराब की बोतलें बहने लगीं, जिन्हें पकड़ने के लिए ग्रामीणों की भीड़ नारी पुल के पास जुट गई।
पानी में शराब पकड़ने की मची होड़
जानकारी के अनुसार, बाढ़ का पानी नारी स्थित शराब दुकान में घुस गया था। दुकान में रखी शराब की बोतलें पानी के तेज बहाव के साथ बहने लगीं। इसकी जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग नारी पुल के पास पहुंच गए और बहती बोतलों को पकड़ने लगे।
वीडियो में कुछ लोग मछली पकड़ने वाले फंदे की मदद से बोतलें पकड़ते दिखाई दे रहे हैं, जबकि कुछ लोगों ने प्लास्टिक की कैरेट को ही शराब पकड़ने का जुगाड़ बना लिया। तेज बहाव के बावजूद लोगों में शराब की बोतलें पकड़ने की होड़ नजर आई।
आबकारी विभाग को लाखों के नुकसान की आशंका
बताया जा रहा है कि नारी की शराब दुकान में घटना से एक दिन पहले ही शराब की खेप पहुंची थी। बाढ़ का पानी दुकान में घुसने के बाद बड़ी मात्रा में शराब पानी के साथ बह गई। इससे आबकारी विभाग को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, नुकसान का वास्तविक आंकलन अभी किया जाना बाकी है।
वायरल हुआ वीडियो
नारी पुल पर शराब की बोतलें पकड़ने के लिए जुटी भीड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं, तेज बहाव के बीच लोगों के इस तरह पानी में उतरने से सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन और संबंधित विभाग की ओर से नुकसान का आंकलन किया जा रहा है।
Tags :
#Chhattisgarh News
#Dhamtari News
#Gangrel Dam
#Mahanadi Flood
#Kurud News
Liquor Bottle
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन