नई दिल्ली: शिक्षक दिवस के अवसर पर आज 5 सितंबर 2026 को देशभर के उत्कृष्ट स्कूली शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में चयनित 48 शिक्षकों को यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान करेंगी।
शिक्षा मंत्रालय के विद्यालय शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अनुसार, इस वर्ष राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए देशभर से 48 स्कूली शिक्षकों का चयन किया गया है। इनमें 26 पुरुष और 22 महिला शिक्षक शामिल हैं। चयनित शिक्षक 27 राज्यों, 7 केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्र सरकार के विभिन्न संगठनों से हैं।
छत्तीसगढ़ की सुनीता यादव भी सम्मानित होंगी
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 की सूची में छत्तीसगढ़ की शिक्षिका सुनीता यादव का नाम भी शामिल है। सुनीता यादव सरकारी एमएस खिचड़ी, खिचड़ी में कार्यरत हैं। उनके चयन से छत्तीसगढ़ के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है।
मध्य प्रदेश और राजस्थान से भी शिक्षक चयनित
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए मध्य प्रदेश से डॉ. अर्चना शुक्ला और शैलेंद्र प्रताप सिंह का चयन हुआ है। वहीं राजस्थान से डॉ. दिव्येंदु सेन और डॉ. वर्तिका गुलत को सम्मान के लिए चुना गया है। उत्तर प्रदेश से डॉ. रेनू त्रिपाठी, डॉ. इफ्तखार खान और शालिनी कुशवाहा सहित अन्य राज्यों के शिक्षक भी पुरस्कार सूची में शामिल हैं।
तीन चरणों में हुआ शिक्षकों का चयन
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार 2026 के लिए ऑनलाइन स्व-नामांकन की प्रक्रिया 15 जून से 20 जुलाई 2026 तक चली थी। इसके बाद जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर तीन चरणों वाली चयन प्रक्रिया के माध्यम से शिक्षकों का चयन किया गया।
शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, चयन प्रक्रिया पारदर्शी और ऑनलाइन तरीके से पूरी की गई। पुरस्कार समारोह में चयनित शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों और उपलब्धियों पर आधारित लघु वृत्तचित्र भी प्रदर्शित किए जाएंगे।
कहां देख सकेंगे लाइव कार्यक्रम?
शिक्षक दिवस समारोह का सीधा प्रसारण दूरदर्शन और शिक्षा मंत्रालय के स्वयं प्रभा चैनलों पर किया जाएगा। कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग शिक्षा मंत्रालय के वेबकास्ट प्लेटफॉर्म पर भी उपलब्ध रहेगी।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का उद्देश्य ऐसे शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करना है, जिन्होंने नवाचार, समर्पण और मेहनत के जरिए शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया और विद्यार्थियों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव डाला।
Tags :
#teacher day
#education news
#teacher Award
#national teacher day
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन