नई दिल्ली: देशभर के करोड़ों बैंक ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। 28 से 30 सितंबर 2026 तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को आखिरी समय में स्थगित कर दिया गया है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने रविवार 27 सितंबर को इसकी जानकारी दी। हड़ताल होने की स्थिति में आम ग्राहकों के साथ कारोबारियों के बैंकिंग कामकाज पर भी असर पड़ सकता था, खासकर सितंबर छमाही क्लोजिंग के दौरान।
रात 9:30 बजे की बैठक में बदला फैसला
रविवार रात करीब 9:30 बजे इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) और UFBU के प्रतिनिधियों के बीच अहम बैठक हुई। बैठक में बैंक कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित मांगों पर चर्चा की गई। इनमें सबसे प्रमुख मांग पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने की है।
बातचीत के बाद लंबित मुद्दों पर आगे चर्चा जारी रखने और समाधान तलाशने पर सहमति बनी। इसके बाद UFBU ने 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने का फैसला लिया।
क्या अब हर शनिवार को बैंक बंद रहेंगे?
फिलहाल हर शनिवार की छुट्टी लागू नहीं हुई है। अभी बैंक कर्मचारियों को दूसरे और चौथे शनिवार को अवकाश मिलता है, जबकि बाकी शनिवारों को बैंक सामान्य रूप से काम करते हैं।
सभी शनिवार को अवकाश देने के मुद्दे पर IBA और UFBU की एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी। यह समिति बाकी शनिवारों को छुट्टी देने के संभावित विकल्पों पर विचार करेगी और संबंधित पक्षों से चर्चा के बाद समाधान तलाशेगी।
PLI समेत दूसरे लंबित मुद्दों पर भी होगी बातचीत
पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह के अलावा स्केल-IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए Performance Linked Incentive (PLI) योजना से जुड़े मुद्दे भी बातचीत में शामिल हैं। इसके साथ ही 8 मार्च 2024 की चर्चाओं से जुड़े अन्य लंबित मामलों पर भी आगे विचार किया जाएगा।
सोमवार को खुले रहेंगे बैंक
हड़ताल स्थगित होने के बाद सोमवार, 28 सितंबर को बैंक सामान्य रूप से खुले रहेंगे। ऐसे में ग्राहक जमा, निकासी, लेनदेन और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्य कर सकेंगे।
हालांकि, अलग-अलग शहरों में स्थानीय परिस्थितियों या किसी अन्य घोषित अवकाश के कारण बैंकिंग व्यवस्था अलग हो सकती है। ग्राहकों को किसी विशेष शाखा में जाने से पहले बैंक की स्थानीय सूचना भी देख लेनी चाहिए।
ग्राहकों के लिए क्या बदला?
तीन दिन की प्रस्तावित हड़ताल स्थगित होने से 28 से 30 सितंबर के बीच बैंकिंग सेवाओं पर हड़ताल के कारण पड़ने वाला संभावित असर फिलहाल टल गया है। अब कर्मचारियों की मांगों और शनिवार की छुट्टी के मुद्दे पर गठित होने वाली समिति की चर्चा पर नजर रहेगी।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन