बलौदाबाजार: छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में फर्जी ट्रांसफर आदेश जारी करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पलारी थाना पुलिस ने CMHO के कथित फर्जी हस्ताक्षर से स्थानांतरण आदेश तैयार करने के आरोप में भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। मामला रोहांशी PHC से मोपर PHC में एक ग्रामीण चिकित्सा सहायक के कथित तबादले से जुड़ा है।
मामला तब सामने आया जब 17 अगस्त को स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में WhatsApp के माध्यम से एक स्थानांतरण आदेश पहुंचा। यह आदेश ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन के नाम से जारी बताया गया था।
दस्तावेज की जांच करने पर आदेश संदिग्ध पाया गया। अधिकारियों के मुताबिक, आदेश पर किए गए CMHO डॉ. राजेश अवस्थी के हस्ताक्षर अधिकृत हस्ताक्षर से मेल नहीं खाते थे। इसके बाद मामले की शिकायत खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा ने पलारी थाने में दर्ज कराई।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने कृष्णा अवस्थी, करण कुमार देवांगन, पुनी राम पटेल और रवि सेन को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मामले में करीब एक लाख रुपये के कथित लेनदेन की बात भी सामने आई है। अब पुलिस ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और अन्य वित्तीय साक्ष्यों की जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फर्जी दस्तावेज किसने तैयार किया, उसमें किस स्तर पर भूमिका रही और इसे WhatsApp के जरिए आगे किसने प्रसारित किया।
पलारी थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ के साथ फर्जी दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और कथित लेनदेन से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है।
मामला सामने आने के बाद भाजपा संगठन की ओर से भी कार्रवाई की गई है। पार्टी के जिलाध्यक्ष आनंद यादव की ओर से जारी पत्र के अनुसार कृष्णा अवस्थी को जिला महामंत्री और पुनी राम पटेल को जिला उपाध्यक्ष के पद से तत्काल हटा दिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। फर्जी तबादला आदेश के पीछे कथित साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद होने की उम्मीद है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन