Simran Mallick / Tue, Sep 15, 2026 / Post views : 4
बिजनेस : टेक दिग्गज ओरेकल में एक बार फिर कर्मचारियों की छंटनी शुरू होने की खबर सामने आई है। बिजनेस इनसाइडर की रिपोर्ट के मुताबिक, सोमवार सुबह कई कर्मचारियों को कंपनी की ओर से ईमेल भेजकर उनकी भूमिकाएं खत्म किए जाने की जानकारी दी गई। कई कर्मचारियों के लिए यह फैसला अचानक आया और उन्हें उसी दिन अपना आखिरी कार्यदिवस बताया गया।
हालांकि, ओरेकल ने अभी यह स्पष्ट नहीं किया है कि छंटनी के इस नए दौर में कुल कितने कर्मचारी प्रभावित हुए हैं।
सोशल मीडिया पर कर्मचारियों ने साझा किया अनुभव
छंटनी की जानकारी मिलने के बाद प्रभावित कर्मचारियों ने LinkedIn, Reddit और Blind जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपने अनुभव साझा किए। कंपनी की ओर से भेजे गए नोटिफिकेशन में बताया गया कि प्रभावित कर्मचारियों के कंप्यूटर, ईमेल, वॉइसमेल और अन्य फाइलों का एक्सेस जल्द बंद कर दिया जाएगा।
कर्मचारियों को कंपनी की किसी भी जानकारी को डाउनलोड, कॉपी या अपने पास रखने से भी मना किया गया है। इससे संकेत मिलता है कि कई कर्मचारियों की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने की प्रक्रिया अपनाई गई।
AI और क्लाउड पर भारी निवेश, फिर भी छंटनी
ओरेकल में यह छंटनी ऐसे समय में हो रही है जब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और क्लाउड कारोबार के विस्तार पर बड़े पैमाने पर निवेश कर रही है। AI की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए कंपनी डेटा सेंटर और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भारी खर्च कर रही है।
वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में ओरेकल ने करीब 28.5 अरब डॉलर का कैपिटल एक्सपेंडिचर किया। यह पिछले साल की समान अवधि में खर्च किए गए 8.5 अरब डॉलर से तीन गुना से भी अधिक है।
AI क्लाउड कारोबार में तेजी
ओरेकल ने पूरे वित्त वर्ष के लिए करीब 90 से 95 अरब डॉलर के पूंजीगत खर्च का अनुमान बरकरार रखा है। कंपनी के मुताबिक, AI क्लाउड सेवाओं की मांग तेजी से बढ़ रही है। तिमाही के दौरान ओरेकल को 30 अरब डॉलर से अधिक के नए AI क्लाउड कॉन्ट्रैक्ट मिले।
इन सौदों के चलते कंपनी का भविष्य का रेवेन्यू बैकलॉग बढ़कर करीब 664 अरब डॉलर पहुंच गया है। ऐसे में कारोबार में तेजी और बड़े निवेश के बावजूद कर्मचारियों की छंटनी का फैसला चर्चा में है।
एक साल में करीब 21 हजार कर्मचारियों की कमी
यह ओरेकल में कर्मचारियों की संख्या घटाने का पहला बड़ा मामला नहीं है। कंपनी की सालाना फाइलिंग के अनुसार, वित्त वर्ष 2026 के दौरान उसके ग्लोबल वर्कफोर्स में करीब 21 हजार कर्मचारियों, यानी लगभग 13 फीसदी की कमी आई।
वित्त वर्ष के अंत में कंपनी के पास करीब 1.41 लाख कर्मचारी थे, जबकि एक साल पहले यह संख्या लगभग 1.62 लाख थी।
मौजूदा छंटनी से प्रभावित कर्मचारियों को कंपनी के सेवरेंस प्लान के तहत मुआवजा मिलने की संभावना है। इसके लिए उन्हें DocuSign के जरिए अलग ईमेल भेजकर सेवरेंस और अंतिम कार्यदिवस से जुड़ी जानकारी दी जाएगी।
Tags :
#Oracle Layoffs
#Oracle Job Cuts
#Oracle Employees
#Oracle News
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन