Simran Mallick / Wed, Sep 2, 2026 / Post views : 24
एमसीबी: आगामी कृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी संतन देवी जांगड़े और पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा, पंडाल, विसर्जन, बिजली, स्वच्छता और स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कृष्ण जन्माष्टमी और गणेश चतुर्थी के दौरान रैली निकालने के लिए एसडीएम और पुलिस विभाग से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। गणेश पंडाल लगाने वाली समितियों को भी प्रशासन के निर्देशों का पालन करना होगा। सड़क पर पंडाल लगाकर यातायात बाधित करने पर कार्रवाई की जाएगी।
पंडाल समितियों को पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवक रखने और पुलिस को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं। विद्युत तारों से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर सभी पूजा पंडालों और आसपास CCTV कैमरे लगाना अनिवार्य किया गया है। प्रशासन ने गणेश उत्सव में मिट्टी की प्रतिमा स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। विसर्जन के लिए रूट चार्ट और पार्किंग स्थल निर्धारित किए जाएंगे।
त्योहारों के दौरान ड्रोन संचालन पर भी प्रशासन की नजर रहेगी। बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने पर कार्रवाई की जाएगी। केवल लाइसेंसधारी और अधिकृत व्यक्ति को ही ड्रोन संचालन की अनुमति होगी।
मनेंद्रगढ़ से नागपुर तक हाईवे पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। शराब पीकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर वाहन जब्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप स्कूलों के आसपास संचालित दुकानों पर विशेष कार्रवाई के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 20 हजार रुपये तक जुर्माना लगाया जा सकता है।
नगर निकायों को पर्व स्थलों और प्रमुख मार्गों पर साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने और जिला अस्पताल को आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और त्योहारों के दौरान पूरी तरह अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं।
Tags :
Cg news
#GaneshChaturthi2026
#MCBNews
#GaneshUtsav
#TrafficRules
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन