रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस से सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खबर है। तीजा से पहले प्रदेश में यात्री बस किराए में बढ़ोतरी का रास्ता साफ हो गया है। बस मालिकों की लंबे समय से चली आ रही मांग पर परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने 1.75 रुपए प्रति किलोमीटर यात्री किराया बढ़ाने की मांग को मंजूरी देने पर सहमति जताई है।
बस मालिकों के प्रतिनिधिमंडल ने यात्री किराया बढ़ाने की मांग को लेकर परिवहन मंत्री केदार कश्यप से मुलाकात की थी। इस दौरान डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों और बस संचालन में हो रहे नुकसान का हवाला देते हुए किराया बढ़ाने की मांग रखी गई।
परिवहन मंत्री ने बस मालिकों को आश्वासन दिया है कि यात्री किराया बढ़ाने के प्रस्ताव को आगामी कैबिनेट बैठक में रखा जाएगा। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद बढ़ा हुआ किराया लागू किया जाएगा।
बस ऑनर्स फेडरेशन ऑफ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अनिल पुसदकर और महासचिव भावेश दुबे ने फैसले का स्वागत किया है। उनका कहना है कि प्रदेश में बस किराया आखिरी बार वर्ष 2021 में बढ़ाया गया था। इसके बाद डीजल की कीमतों में कई बार वृद्धि हुई, लेकिन यात्री किराए में बढ़ोतरी नहीं हुई।
बस संचालकों के मुताबिक लंबे समय से किराया नहीं बढ़ने के कारण प्रदेश के करीब 3500 बस मालिकों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। अब किराया बढ़ने से बस संचालन में राहत मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ यातायात महासंघ ने हाल ही में अपनी 9 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदर्शन किया था। यात्री किराया बढ़ाने के अलावा बस परमिट और फिटनेस से जुड़े मुद्दे भी उनकी प्रमुख मांगों में शामिल थे। महासंघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर 22 सितंबर से बस सेवा बंद करने की चेतावनी भी दी थी।
फिलहाल बढ़े हुए किराए को लागू करने की अंतिम तारीख कैबिनेट की मंजूरी और संबंधित आदेश जारी होने के बाद स्पष्ट होगी।
Tags :
#CG Bus Fare Hike News
#Latest Update
#CG Bus Ticket Price
#Bus Fare Hike in CG
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन