Simran Mallick / Tue, Sep 1, 2026 / Post views : 1
रायपुर: छत्तीसगढ़ के राशनकार्ड धारकों के लिए राहत की खबर है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत पात्र राशनकार्डधारी परिवारों को सितंबर और अक्टूबर 2026 का चावल एकमुश्त उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में खाद्य विभाग की ओर से आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, छत्तीसगढ़ खाद्य एवं पोषण सुरक्षा अधिनियम और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के तहत आने वाले अंत्योदय, प्राथमिकता, निराश्रित एवं निःशक्तजन राशनकार्ड धारकों को उनकी निर्धारित मासिक पात्रता के अनुसार दोनों महीनों के चावल का आबंटन जारी किया गया है।
सितंबर में मिलेगा दो महीने का चावल
चावल का पर्याप्त भंडारण होने के बाद सितंबर और अक्टूबर दोनों महीनों का चावल एक साथ राशनकार्ड धारकों को वितरित किया जाएगा। हालांकि, चावल के अलावा शक्कर, चना, नमक और गुड़ जैसी अन्य राशन सामग्री का वितरण संबंधित माह के मासिक आबंटन के अनुसार ही किया जाएगा।
दो महीने के चावल की पात्रता और वितरण संबंधी जानकारी सभी उचित मूल्य दुकानों पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित की जाएगी, ताकि पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में राशन मिल सके।
ई-पॉस मशीन से होगा अलग-अलग बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण
दो माह का चावल एक साथ मिलने के बावजूद ई-पॉस मशीन में प्रत्येक माह के राशन के लिए पृथक बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की व्यवस्था रहेगी। प्रत्येक माह के चावल वितरण की रसीद ई-पॉस मशीन से जनरेट कर हितग्राही को देना अनिवार्य होगा।
सितंबर में होगा ‘चावल उत्सव’
सितंबर 2026 में उचित मूल्य दुकानों पर ‘चावल उत्सव’ का आयोजन किया जाएगा। दुकान स्तर की निगरानी समिति की मौजूदगी में पात्र हितग्राहियों को चावल और अन्य राशन सामग्री का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके साथ ही उचित मूल्य दुकानों में सितंबर और अक्टूबर के आबंटन के अनुसार चावल के भंडारण के लिए पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों और राशन दुकान संचालकों को निर्धारित समय-सीमा में सभी जरूरी प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया है।
नोट: दो महीने का एकमुश्त वितरण यहां दिए गए निर्देशों के अनुसार चावल के लिए है; अन्य राशन सामग्री का वितरण मासिक आबंटन के आधार पर होगा।
Tags :
#RationCardNews
#CGRation
#FoodDepartment
#ChawalUtsav
Cg News
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन