रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस से सफर करने वाले यात्रियों को अब पहले से ज्यादा किराया चुकाना होगा। राज्य सरकार के परिवहन विभाग ने यात्री बसों के लिए नई किराया दरें निर्धारित की हैं। नई दरों में साधारण, डीलक्स, एसी और स्लीपर बसों को शामिल किया गया है। साधारण बसों में प्रति किलोमीटर किराया 1.25 रुपये से बढ़ाकर 1.75 रुपये कर दिया गया है। इससे रोजाना बस से सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और अन्य यात्रियों के बजट पर असर पड़ सकता है।
परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार, अलग-अलग श्रेणी की बसों के लिए किराये की दरें तय की गई हैं। यात्रियों को शुरुआती पांच किलोमीटर और उसके बाद की दूरी के हिसाब से भुगतान करना होगा।
साधारण बस: पहले 5 किलोमीटर के लिए 10 रुपये, इसके बाद 1.75 रुपये प्रति किलोमीटर।
डीलक्स बस: पहले 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपये, इसके बाद 2.20 रुपये प्रति किलोमीटर।
AC डीलक्स स्लीपर और सेमी-स्लीपर: पहले 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपये, इसके बाद 3.20 रुपये प्रति किलोमीटर।
वोल्वो, स्कैनिया और मर्सिडीज जैसी सुपर लग्जरी AC बसें: पहले 5 किलोमीटर के लिए 12 रुपये, इसके बाद 3.30 रुपये प्रति किलोमीटर।
AC सेमी-स्लीपर बस: सीट के लिए 3 रुपये प्रति किलोमीटर और स्लीपर बर्थ के लिए 3.30 रुपये प्रति किलोमीटर की दर निर्धारित की गई है।
साधारण रात्रिकालीन बस सेवा में सामान्य साधारण बस के किराये से 10 प्रतिशत अधिक किराया निर्धारित किया गया है।
नई दरों के साथ कुछ विशेष श्रेणियों के यात्रियों के लिए किराये में छूट का प्रावधान भी किया गया है। निर्धारित शर्तों और मान्य प्रमाण-पत्र के आधार पर दृष्टिबाधित व्यक्तियों, बौद्धिक दिव्यांगता वाले व्यक्तियों, दोनों पैरों से चलने में असमर्थ दिव्यांग व्यक्तियों, 80 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों और एचआईवी/एड्स से पीड़ित व्यक्तियों को 100 प्रतिशत किराया छूट मिलेगी। उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहायक को भी नियमानुसार छूट दी जाएगी।
इसके अलावा, निर्धारित प्रमाण-पत्र रखने वाले नक्सल प्रभावित व्यक्तियों को छत्तीसगढ़ के भीतर यात्रा करने पर 50 प्रतिशत किराये की छूट का प्रावधान है।
परिवहन विभाग ने 8 अक्टूबर 2026 को नई किराया दरों से संबंधित अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार, नई दरें राजपत्र में प्रकाशन की तारीख से प्रभावी होंगी। यह व्यवस्था नगरीय बस सेवाओं को छोड़कर अन्य संबंधित यात्री बस सेवाओं पर लागू है।
बस किराये में बढ़ोतरी से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ सकता है। यात्रा से पहले संबंधित बस की श्रेणी और लागू किराया दर की जानकारी लेना उपयोगी रहेगा।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन