Simran Mallick / Sat, Sep 5, 2026 / Post views : 2
रायपुर: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में 26 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही स्वाइन फ्लू के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 205 हो गई है। फिलहाल 57 मरीजों का उपचार जारी बताया जा रहा है।
रायपुर में सबसे ज्यादा नए मरीज
पिछले 24 घंटे में राजधानी रायपुर में स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा 12 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा बिलासपुर में 6 और दुर्ग में 4 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। राजधानी में लगातार बढ़ रहे मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की निगरानी बढ़ा दी गई है।
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों को लेकर पूर्व स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा कि देश के कई शहरों में इसके मामले सामने आ रहे हैं और छत्तीसगढ़ में भी संक्रमण बढ़ा है। उन्होंने लोगों से इलाज को लेकर सावधानी बरतने की बात कही।
अलर्ट मोड पर स्वास्थ्य विभाग
स्वाइन फ्लू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। संभावित मरीजों की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
रायगढ़ जिला चिकित्सालय और मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू के मरीजों के उपचार के लिए अलग-अलग 10-10 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाई जा सकती है। संदिग्ध मरीजों को अन्य मरीजों से अलग रखकर उपचार की व्यवस्था भी की गई है।
क्या हैं स्वाइन फ्लू के लक्षण?
स्वाइन फ्लू में बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द और कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कुछ मरीजों में सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न करें और चिकित्सकीय सलाह लें। खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने, नियमित रूप से हाथ धोने और बीमारी के लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाली जगहों से बचने की सलाह दी गई है।
स्वास्थ्य विभाग प्रदेश में स्वाइन फ्लू की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है और संभावित मरीजों की जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को तैयार रखा गया है।
Tags :
#H1N1
#swine flu
#flucase
#Health news
#swine Flu symptoms
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन