Simran Mallick / Wed, Aug 26, 2026 / Post views : 11
राजधानी रायपुर में ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकाले जा रहे जुलूस के दौरान चाकूबाजी की घटना सामने आई है। आजाद चौक थाना क्षेत्र के तात्यापारा इलाके में हुई इस घटना में तीन युवक घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, जुलूस के दौरान किसी बात को लेकर विवाद और हंगामे की स्थिति बन गई। इसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा धारदार हथियार से हमला किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ लोगों को हिरासत में लिया है तथा पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि विवाद किस वजह से हुआ।
घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन