Simran Mallick / Thu, Sep 10, 2026 / Post views : 1
रायपुर: केंद्रीय ग्रामीण विकास एवं कृषि-किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 11 सितंबर को छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के दौरे पर रहेंगे। ग्राम जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस बड़े कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीण विकास, आवास, महिला सशक्तिकरण, आजीविका और तकनीकी नवाचार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं और अभियानों का शुभारंभ किया जाएगा।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत राज्य में नवनिर्मित 2 लाख आवासों के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। हितग्राहियों को कार्यक्रम में ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही करीब 122 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी होगा।
प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत राज्य में तैयार किए गए 2 लाख पक्के मकानों के हितग्राहियों का गृह प्रवेश कराया जाएगा। इस मौके पर हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ दी जाएगी। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीण परिवारों के पक्के घर के सपने को पूरा होने की खुशी मिलेगी।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत एआई आधारित जियो-टैग सत्यापन और सेल्फ जियो-टैग रिपोर्ट प्रणाली का शुभारंभ भी किया जाएगा। इस तकनीकी व्यवस्था से आवास निर्माण की निगरानी और सत्यापन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
विकसित भारत-जी राम जी के अंतर्गत ‘धार अपार अभियान’ की शुरुआत की जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य नदियों और उनकी सहायक जलधाराओं के पुनरुद्धार, संरक्षण और पुनर्जीवन को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना है।
इसके साथ ही ‘सुघ्घर बाड़ी’ अभियान भी शुरू किया जाएगा। इसके जरिए निजी और सामुदायिक भूमि पर वृक्षारोपण को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों के लिए आय के स्थायी स्रोत भी तैयार किए जा सकें।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 270 नए इंटीग्रेटेड फार्मिंग क्लस्टर (IFC) का विमोचन किया जाएगा। इन क्लस्टरों के माध्यम से ग्रामीण परिवारों की कृषि आधारित आजीविका को मजबूत और विविध बनाने पर जोर दिया जाएगा।
कृषि से जुड़ी अलग-अलग गतिविधियों को एकीकृत कर ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने और स्थानीय स्तर पर टिकाऊ रोजगार एवं आजीविका के अवसर विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में ‘अथ उद्यम-आजीविका से उद्यमिता की ओर’ कार्यक्रम के तहत चैलेंज फंड इवेंट का शुभारंभ होगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को पारंपरिक आजीविका गतिविधियों से आगे बढ़ाकर उद्यमिता के नए अवसरों से जोड़ना है।
इस अवसर पर ग्रामीण आजीविका और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली रानी मिस्त्री, लखपति दीदियों और ड्रोन दीदियों को सम्मानित किया जाएगा।
पंचायत एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली राज्य की 5 पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, पंचायत प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान 122 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 39 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाएगा। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं और विकास गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
Tags :
#CM Vishnu Deo Sai
#Chhattisgarh News
#Shivraj Singh Chouhan Chhattisgarh Visit
#Shivraj Singh Chouhan Sakti Visit
#PM Awas Yojana Chhattisgarh
#Ath Udyam
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन