Simran Mallick / Tue, Sep 15, 2026 / Post views : 12
रायपुर। छत्तीसगढ़ में PM आवास योजना के आंकड़ों को लेकर डिप्टी सीएम विजय शर्मा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच रायपुर प्रेस क्लब में सीधी बहस जारी है। दोनों नेता अपने-अपने दावों और आंकड़ों के साथ एक-दूसरे के सवालों का जवाब दे रहे हैं। बहस के दौरान PM आवास की स्वीकृति, निर्माण और केंद्र सरकार के पोर्टल से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से सामने आए।
विजय शर्मा ने गिनाए PM आवास के आंकड़े
डिबेट के दौरान डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने कहा कि ‘मोर आवास, मोर अधिकार’ आंदोलन उनकी ओर से चलाया गया था। उन्होंने दावा किया कि सरकार की पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख PM आवास स्वीकृत किए गए।
विजय शर्मा ने कहा कि 25 सितंबर 2023 को कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में 7 लाख आवास स्वीकृत किए गए थे, लेकिन इनमें से केवल करीब 84 हजार हितग्राहियों को राशि जारी की गई। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार के कार्यकाल में अब तक 11.75 लाख से अधिक PM आवास पूरे किए जा चुके हैं।
कांग्रेस सरकार पर तीन लाख आवास बनाने का आरोप
डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के पांच साल के कार्यकाल में केवल तीन लाख PM आवास बनाए गए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ ने वर्ष 2025-26 में देश में सबसे ज्यादा PM आवास बनाए हैं।
विजय शर्मा ने यह भी कहा कि तत्कालीन पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव ने PM आवास नहीं बनने के मुद्दे पर इस्तीफा दिया था।
भूपेश बघेल ने बताई आवास कम बनने की वजह
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने कार्यकाल का पक्ष रखते हुए कहा कि कोरोना काल में परिस्थितियां अलग थीं। उन्होंने कहा कि उस दौरान राज्यों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हुई थी और वेतन देने में भी परेशानी आ रही थी। बघेल ने बताया कि राज्य सरकार को RBI से लोन लेना पड़ा था।
भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने PM आवास योजना के लिए पोर्टल बंद कर दिया था, जिसके कारण आवासों की स्वीकृति और निर्माण प्रभावित हुआ।
PM आवास के आंकड़ों पर बघेल ने उठाए सवाल
भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार के 18 लाख PM आवास स्वीकृत किए जाने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में अब तक करीब 10 लाख PM आवास की स्वीकृति किए जाने की बात कही जा रही है।
बघेल ने दावा किया कि सरकार के अलग-अलग आंकड़ों को जोड़ने पर यह संख्या 46 लाख तक पहुंच रही है। उन्होंने PM आवास के आंकड़ों को लेकर सरकार से स्पष्ट जानकारी सामने रखने की मांग की।
फिलहाल रायपुर प्रेस क्लब में विजय शर्मा और भूपेश बघेल के बीच PM आवास के मुद्दे पर बहस जारी है। दोनों नेताओं के दावों के बीच यह मुद्दा एक बार फिर छत्तीसगढ़ की सियासत के केंद्र में आ गया है।
Tags :
#Vijay Sharma
#PM Awas Yojana
#Bhupesh Baghel
#Raipur Press Club
#PM Awas Data
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन