Simran Mallick / Wed, Sep 2, 2026 / Post views : 24
दुर्ग: छत्तीसगढ़ के भिलाई और चरोदा नगर निगम से प्रशासनिक अनुशासन पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के ड्यूटी के दौरान शराब पार्टी और डांस करने के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद निगम प्रशासन में हड़कंप मचा हुआ है और मामले को लेकर कार्रवाई की चर्चा शुरू हो गई है।
भिलाई में ड्यूटी के दौरान पार्टी का आरोप
वायरल वीडियो में भिलाई नगर निगम के जोन-4 स्थित SLRM सेंटर का बताया जा रहा है। इसमें जोन स्वास्थ्य अधिकारी के साथ सुपरवाइजर और कर्मचारी पार्टी करते और डांस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में शराब और खाने-पीने का सामान दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।
आरोप है कि जिस समय कर्मचारियों को अपने सरकारी दायित्वों का निर्वहन करना था, उस दौरान वे पार्टी और मौज-मस्ती में व्यस्त थे।
चरोदा में सरकारी गाड़ी से पहुंचे कर्मचारी
दूसरा वीडियो चरोदा नगर निगम के जोन-2 का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ निगम कर्मचारी कथित तौर पर सरकारी वाहन से मौके पर पहुंचने के बाद दिन के समय शराब पीते नजर आ रहे हैं।
अगर वीडियो में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह मामला ड्यूटी में लापरवाही के साथ सरकारी संसाधनों के कथित दुरुपयोग से भी जुड़ सकता है।
वायरल वीडियो के बाद प्रशासन ने लिया संज्ञान
दोनों वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। बताया जा रहा है कि उच्च अधिकारियों ने वायरल वीडियो का संज्ञान लिया है। हालांकि, वीडियो की वास्तविकता और उसमें नजर आ रहे कर्मचारियों की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
अब सवाल यह है कि ड्यूटी के दौरान इस तरह की गतिविधियां हुईं तो जिम्मेदार कर्मचारियों और अधिकारियों पर क्या कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो को लेकर निगम प्रशासन में चर्चा तेज है।
Tags :
#DurgNews
#Charoda
#CGNews
#NagarNigam
#GovernmentEmployee
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन