Simran Mallick / Sat, Sep 12, 2026 / Post views : 3
PM Awas Yojana Debate: डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को पीएम आवास के मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती दी है। इसके लिए उन्होंने 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में बहस करने का प्रस्ताव रखा है। खास बात यह है कि भूपेश बघेल ने भी इस चुनौती को स्वीकार कर लिया है।
विजय शर्मा का आरोप है कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पीएम आवास योजना को लेकर लगातार आरोप लगाकर अपनी सरकार की नाकामी छिपाने की कोशिश कर रहे हैं। डिप्टी सीएम ने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में अब तक सवा 11 लाख से ज्यादा पीएम आवास बनाए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में आवासों में गृहप्रवेश कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
भूपेश बघेल ने स्वीकार की चुनौती
विजय शर्मा की चुनौती पर भूपेश बघेल ने भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वह 15 सितंबर को रायपुर प्रेस क्लब में बहस के लिए तैयार हैं। भूपेश बघेल ने यह भी कहा कि केवल वह ही नहीं, बल्कि कांग्रेस के अन्य नेता भी बहस के लिए तैयार हैं।
पीएम आवास योजना को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच विवाद पुराना है। पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के कार्यकाल में भी इस योजना को लेकर सियासी टकराव देखने को मिला था। तत्कालीन पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव के विभाग से इस्तीफे के पीछे भी पीएम आवास योजना को लेकर राज्य सरकार से मतभेद प्रमुख मुद्दों में शामिल था। उस समय केंद्र और राज्य के हिस्से की राशि को लेकर विवाद सामने आया था।
शिवराज सिंह चौहान ने भी कांग्रेस पर साधा निशाना
इधर, सक्ती के ग्राम जेठा में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी पीएम आवास योजना को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान गरीबों को आवास देने के मामले में छत्तीसगढ़ के साथ न्याय नहीं हुआ, जबकि बीजेपी सरकार गरीबों को पक्के मकान का अधिकार दिलाने का काम कर रही है।
अब सभी की नजर 15 सितंबर पर है। विजय शर्मा की चुनौती और भूपेश बघेल की सहमति के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या दोनों नेता वास्तव में रायपुर प्रेस क्लब में आमने-सामने बैठकर पीएम आवास योजना पर खुली बहस करेंगे? फिलहाल चुनौती, जगह और तारीख—तीनों सामने हैं।
Tags :
#Bhupesh Baghel Debate
#Vijay Sharma
#PM Awas Yojana Debate
#CG Politics News
#PM Awas Yojana CG
#Raipur Press Club Debate
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन