Simran Mallick / Tue, Sep 8, 2026 / Post views : 8
बलौदाबाजार: भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (SBI RSETI), बलौदाबाजार में संचालित 15 दिवसीय पशु सखी प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रशिक्षार्थियों को उनके कार्य से संबंधित आवश्यक टूलकिट वितरित की गई। टूलकिट मिलने से पशु सखी दीदियों को प्रशिक्षण के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में अपने कार्यों को प्रभावी ढंग से संचालित करने में मदद मिलेगी।
टूलकिट का वितरण लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर (LDM) श्री शिव कुमार कंवर ने किया। यह कार्यक्रम SBI RSETI बलौदाबाजार के निदेशक श्री बैजनाथ कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
वितरित टूलकिट में पशु सखी के कार्यों तथा पशुपालन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री और उपकरण शामिल हैं। इन उपकरणों की सहायता से प्रशिक्षित पशु सखी दीदियां पशुपालकों तक अपनी सेवाएं अधिक व्यवस्थित और प्रभावी तरीके से पहुंचा सकेंगी।
इस अवसर पर एलडीएम श्री शिव कुमार कंवर ने प्रशिक्षार्थियों को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पशु सखी ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पशुपालन गतिविधियों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं।
उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों के साथ समन्वय बनाकर काम करने और प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त ज्ञान का व्यावहारिक उपयोग करने की अपील की।
SBI RSETI के निदेशक श्री बैजनाथ कुमार ने प्रशिक्षार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण के साथ व्यावहारिक ज्ञान और जरूरी उपकरण उपलब्ध होने से पशु सखी दीदियां अपने कार्यों को और बेहतर तरीके से कर सकेंगी।
उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को आत्मविश्वास के साथ अपने कार्यक्षेत्र में आगे बढ़ने और ग्रामीण पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं देने के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम में पशु सखी के मास्टर ट्रेनर डॉ. चंदन कुर्रे, आरसेटी फैकल्टी विक्टर कोशरिया, अमिश यादव, ऑफिस असिस्टेंट अरुण कुमार, अमित कुमार सहित संस्थान के समस्त कर्मचारी उपस्थित रहे।
टूलकिट वितरण से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही पशु सखी दीदियों को अपने कार्य को आगे बढ़ाने में व्यावहारिक सहयोग मिलने की उम्मीद है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन