Simran Mallick / Tue, Sep 15, 2026 / Post views : 2
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में सड़क किनारे मिट्टी के दीये बेच रही मीरा से मुलाकात की। मुख्यमंत्री का काफिला अचानक मीरा के छोटे से पसरे के पास रुका। सीएम साय ने वहां रखे मिट्टी के दीयों को देखा और ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के लिए एक दीया खरीदा। मुख्यमंत्री ने मीरा को ₹1,000 भी दिए।
मुख्यमंत्री के अचानक पहुंचने से मीरा और आसपास मौजूद लोगों में खुशी का माहौल बन गया। सीएम साय ने बिना किसी औपचारिकता के मीरा से बातचीत की और उसके कामकाज तथा परिवार का हालचाल जाना।
जनकल्याणकारी योजनाओं की ली जानकारी
बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने मीरा से पूछा कि क्या उसे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मीरा ने बताया कि उसका प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत बैंक खाता खुला हुआ है। उसने यह भी बताया कि उसे महतारी वंदन योजना के तहत हर महीने ₹1,000 की राशि मिल रही है।
मीरा से योजनाओं का लाभ मिलने की जानकारी पाकर मुख्यमंत्री साय ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ पात्र और जरूरतमंद लोगों तक सीधे पहुंचे।
स्थानीय कारीगरों और छोटे कारोबारियों को प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क किनारे दुकान लगाने वाले छोटे विक्रेता, कुम्हार, शिल्पकार और स्थानीय उत्पाद तैयार करने वाले लोगों के परिश्रम में आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की शक्ति है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि स्थानीय सामान खरीदने से छोटे कारोबारियों और कारीगरों की आजीविका को सहारा मिलता है।
‘आशीर्वाद का दीया’ बनेगा सेवा का प्रतीक
मुख्यमंत्री द्वारा मीरा से खरीदा गया मिट्टी का दीया ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत आयोजित होने वाले ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम का हिस्सा बनेगा। सीएम साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में दीया आशा, प्रकाश और सकारात्मक संकल्प का प्रतीक है।
उन्होंने प्रदेशवासियों से सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने की अपील की। अभियान के दौरान स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने जैसे कार्यों में भागीदारी का आह्वान किया गया है।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ आयोजित किया जा रहा है। अभियान के जरिए सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकास के संकल्प को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
तेलीबांधा में मीरा से खरीदा गया एक छोटा-सा मिट्टी का दीया अब महिला के श्रम और स्वावलंबन के सम्मान के साथ-साथ सेवा और जनभागीदारी के संदेश से भी जुड़ गया है।
Tags :
#CM Vishnu Deo Sai
#Raipur News
#Marine Drive
#Telibandha
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन