Simran Mallick / Mon, Sep 7, 2026 / Post views : 1
बिलासपुर: तीजा तिहार के अवसर पर बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में आयोजित भव्य तीजा मिलन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने बिल्हा विकासखंड के चोरहादेवरी गांव का नाम बदलकर ‘रामदेवरी’ किए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही माघी पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपये देने का ऐलान भी किया।
तीजा हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति का पावन पर्व
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि तीजा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति का पावन पर्व है। इसमें माताओं और बहनों की आस्था, प्रेम तथा परिवार की सुख-समृद्धि की कामना जुड़ी हुई है। उन्होंने प्रदेश की सभी बहनों को तीजा तिहार की शुभकामनाएं देते हुए भगवान शिव और माता पार्वती से उनके सुखी और खुशहाल जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तीजा जैसे पर्व हमारी परंपराओं को जीवंत रखने के साथ परिवार और समाज के आपसी रिश्तों को भी मजबूत करते हैं।
चोरहादेवरी अब होगा ‘रामदेवरी’
तीजा मिलन समारोह के दौरान मुख्यमंत्री साय ने बिल्हा विकासखंड के चोरहादेवरी गांव का नाम बदलकर ‘रामदेवरी’ करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का समारोह में मौजूद लोगों ने उत्साह के साथ स्वागत किया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने माघी पूर्णिमा के अवसर पर होने वाले बेलतरा महोत्सव के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की। दोनों घोषणाओं को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात माना जा रहा है।
महिलाओं के सशक्तीकरण पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महिलाएं अब केवल सरकारी योजनाओं की लाभार्थी नहीं हैं, बल्कि प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 13 लाख 85 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं अलग-अलग आजीविका गतिविधियों के जरिए आत्मनिर्भर बन रही हैं। आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर ड्रोन दीदियां भी स्वरोजगार से जुड़ रही हैं।
महतारी वंदन योजना का भी किया उल्लेख
CM साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना के माध्यम से 68 लाख से अधिक माताओं-बहनों को नियमित आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने से परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं।
तीजा मिलन में दिखा छत्तीसगढ़ी संस्कृति का रंग
बहतराई स्टेडियम में आयोजित समारोह में पारंपरिक वेशभूषा में बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम में झूले, मेहंदी, गीत-संगीत और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों की व्यवस्था की गई थी। बच्चों ने भी कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी समारोह में मौजूद रहे।
Tags :
#Chorhadevri Village
#Bilaspur news
#CM Sai
#Beltra Mahotsav
#Tija Milan Samaroh
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन