Simran Mallick / Thu, Aug 6, 2026 / Post views : 1
मुंबई: साल 2007 में रिलीज हुई कल्ट ब्लॉकबस्टर फिल्म 'आवारापन' के करीब 19 साल बाद इसका सीक्वल 'आवारापन 2' बड़े पर्दे पर वापसी के लिए तैयार है। फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर गुरुवार को रिलीज कर दिया गया, जिसमें इमरान हाशमी एक बार फिर अपने चर्चित किरदार 'शिवम पंडित' के रूप में दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं।
बदले, दर्द और एक्शन से भरपूर कहानी
रिलीज हुए ट्रेलर में शिवम पंडित का पहले से अधिक गंभीर, आक्रामक और भावनात्मक रूप देखने को मिलता है। कहानी में अतीत के जख्म, बदले की आग और जबरदस्त एक्शन का मिश्रण दिखाई देता है। ट्रेलर को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि फिल्म में इमोशन और एक्शन का संतुलित मेल देखने को मिलेगा।
नई स्टार कास्ट भी करेगी प्रभावित
'आवारापन 2' में इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी 'जारा' की भूमिका निभा रही हैं। वहीं दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी 'नफीसा' के किरदार में नजर आएंगी।
फिल्म में पूरन गब्बी (जोरावर), अनिरुद्ध रावल (सिकंदर), सुरेंदर विकी (जयदीप), विजयंत कोहली (महमूद) और अतुल कुमार (समर्थ) भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
फिर मिलेगा दमदार म्यूजिक
'आवारापन' फ्रेंचाइजी अपने बेहतरीन संगीत के लिए भी जानी जाती है। इस बार फिल्म का म्यूजिक मिथुन, जीत गांगुली, अमाल मलिक, अंकित सचदेव और वासिफ अहमद ने तैयार किया है। जबकि गीत सईद कादरी, रश्मि विराग, अखिल सचदेवा और सचिन सिंह चंदेल ने लिखे हैं।
14 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
फिल्म का निर्माण मुकेश भट्ट ने किया है, जबकि निर्देशन नितिन कक्कड़ ने किया है। इसकी कहानी बिलाल सिद्दीकी ने लिखी है। 'आवारापन 2' 14 अगस्त 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
बॉक्स ऑफिस पर होगा बड़ा मुकाबला
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रिलीज हो रही 'आवारापन 2' का मुकाबला सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर फिल्म 'बंटवारा 1947' से होगा। ऐसे में 14 अगस्त को बॉक्स ऑफिस पर दो बड़ी फिल्मों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन