Simran Mallick / Thu, Aug 6, 2026 / Post views : 77
प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में बुधवार रात भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक जर्जर मकान अचानक ढह गया, जिसके मलबे में दबकर एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे सभी सात लोगों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज भेजा गया। डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल युवक का इलाज जारी है।
इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को प्रत्येक मृतक के लिए 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। जिला प्रशासन ने कुल 26.20 लाख रुपये की राहत राशि प्रभावित परिवार को सौंप दी है। साथ ही मुख्यमंत्री ने घायल युवक के समुचित और बेहतर इलाज के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश जारी करते हुए कहा कि प्रतापगढ़ में हुई जनहानि अत्यंत दुखद है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और घायल के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) आशुतोष मिश्रा के अनुसार, हादसे के समय परिवार के सात सदस्य एक कमरे में सो रहे थे। लगातार बारिश के बीच मकान अचानक भरभराकर गिर गया और सभी मलबे में दब गए।
हादसे में प्रमोद श्रीवास्तव (60), उनकी पत्नी रीता (55), बहू माधुरी (24), दो वर्षीय पोते माधव, 10 माह के आद्विक और परिवार के सदस्य नितिन (25) की मौत हो गई। वहीं प्रमोद के बेटे अमन घायल हैं और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान करीब 100 वर्ष पुराना था और काफी समय से जर्जर अवस्था में था। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
Tags :
Heavy rain
Yogi Adityanath CM
Pratapgarh
Hadsa
Uttar Pradesh
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन