नई दिल्ली: जंतर-मंतर पर CJP के प्रदर्शन के बीच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के परिवार से दुखद खबर सामने आई है। उनकी दादी सावित्रीबाई शंकर दीपके का शनिवार को निधन हो गया। वह करीब 80 वर्ष की थीं और लंबे समय से बीमार चल रही थीं। उन्होंने महाराष्ट्र के हिंगोली जिले के संतुक पिंपरी गांव में अंतिम सांस ली।
दादी के निधन के समय अभिजीत दीपके दिल्ली में पुलिस हिरासत में बताए जा रहे हैं। इस खबर के सामने आने के बाद उनके परिवार और गांव में शोक का माहौल है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दीपके को उनकी दादी के निधन की सूचना दे दी है। पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि उन्हें अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अपने गांव लौटने का विकल्प दिया गया है। अब उन्हें तय करना है कि वह प्रदर्शन से जुड़े घटनाक्रम के बीच दिल्ली में रुकना चाहते हैं या परिवार के पास लौटना चाहते हैं।
अभिजीत दीपके मूल रूप से छत्रपति संभाजीनगर के निवासी बताए जाते हैं। हिंगोली जिले का संतुक पिंपरी उनका पैतृक गांव है, जहां उनके दादा-दादी रहते थे। सावित्रीबाई के निधन से परिवार के साथ गांव में भी शोक की स्थिति है। रिपोर्ट के अनुसार, अभिजीत के माता-पिता अपने आवास से गांव जाने की तैयारी कर रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, अभिजीत दीपके जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने के लिए विमान से दिल्ली आ रहे थे। इसी दौरान उन्हें विमान के अंदर से हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई थी। इस कार्रवाई पर उनकी मां ने नाराजगी जताई थी और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए थे।
फिलहाल, दादी के निधन के बाद अभिजीत दीपके के गांव लौटने और अंतिम संस्कार में शामिल होने को लेकर स्थिति पर सबकी नजरें बनी हुई हैं।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन