Simran Mallick / Sun, Sep 27, 2026 / Post views : 1
रायपुर। छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। कोरबा जिले के केराकछार गांव की रहने वाली संजू देवी भारतीय टीम की 12 सदस्यीय स्क्वॉड का हिस्सा थीं।
सीएम साय ने फोन कर दी बधाई
संजू देवी की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उनसे फोन पर बातचीत कर बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने संजू के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सफलता से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
मजदूर परिवार से निकलकर राष्ट्रीय टीम तक पहुंचीं संजू
संजू देवी कोरबा जिले के केराकछार गांव से आती हैं। उनके माता-पिता दिहाड़ी मजदूरी करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद संजू ने खेल के प्रति अपनी रुचि को आगे बढ़ाया और कबड्डी में लगातार मेहनत की। उनकी प्रतिभा और प्रदर्शन के दम पर उन्हें भारतीय महिला कबड्डी टीम में जगह मिली।
संजू देवी का नाम 2026 एशियन गेम्स के लिए घोषित भारतीय महिला कबड्डी टीम में शामिल था। वह 2025 महिला कबड्डी विश्व कप में भी भारतीय टीम की अहम सदस्य रहीं और उन्हें टूर्नामेंट की MVP चुना गया था।
एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम का शानदार प्रदर्शन
एशियन गेम्स 2026 के कबड्डी मुकाबले जापान के आइची-नागोया में 21 से 26 सितंबर तक आयोजित हुए। भारतीय महिला टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ 42-21 की जीत के साथ अभियान शुरू किया था। इसके बाद टीम ने ईरान को 37-23 से हराकर सेमीफाइनल में जगह पक्की की।
भारतीय महिला कबड्डी टीम में संजू देवी के अलावा पुष्पा राणा, रितु नेगी, सोनाली शिंगाटे, पूजा काजला, रितु श्योराण, ज्योति ठाकुर, पिंकी रॉय, मनीषा कुमारी, भावना ठाकुर, राजरानी और निकिता कुमारी शामिल थीं।
छत्तीसगढ़ की बेटियों के लिए बनीं प्रेरणा
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि संजू देवी की सफलता प्रदेश की उन युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रही हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के गांवों और छोटे शहरों में मौजूद खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में राज्य सरकार लगातार काम कर रही है।
Tags :
Asian Games 2026
Sanju Devi
Kabaddi Player
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन