Simran Mallick / Thu, Oct 8, 2026 / Post views : 5
रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच तीन अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले खेले जाएंगे। सीरीज के मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को आयोजित होंगे।
मैचों के सफल आयोजन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, स्वास्थ्य, बिजली, फायर सेफ्टी और दर्शकों की सुविधाओं समेत कई महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
भारत और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच पहला टी20 मुकाबला 16 अक्टूबर को खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा मैच 18 अक्टूबर और तीसरा मुकाबला 20 अक्टूबर 2026 को होगा। मैचों के सुचारू संचालन के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी भी गठित की गई है।
समिति में पुलिस, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, परिवहन विभाग, लोक निर्माण विभाग, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है।
रायपुर में होने वाले तीनों टी20 मुकाबलों के लिए टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा। उपलब्ध जानकारी के अनुसार टिकट बिक्री 12 अक्टूबर से शुरू होने की संभावना है। ई-टिकट की स्कैनिंग और स्टेडियम में प्रवेश को आसान बनाने के लिए परिसर में दर्शकों के लिए ओपन वाई-फाई की व्यवस्था भी की जाएगी।
टिकट पर स्टेडियम का पूरा नाम शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा।
स्टेडियम परिसर और पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी। पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली जाएगी।
इसके अलावा बिजली की व्यवस्था सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग द्वारा की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग आसपास के अस्पतालों की मैपिंग करेगा और स्टेडियम परिसर में एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी।
वीवीआईपी आवागमन और आपातकालीन उपचार के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग भी निर्धारित किया जाएगा। मोबाइल नेटवर्क, फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी और आपातकालीन रूट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
उच्च स्तरीय बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसंपर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे सहित रायपुर जिला प्रशासन, पुलिस, एनआरडीए, फायर एवं सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मुख्य सचिव ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि रायपुर में अंतरराष्ट्रीय महिला टी20 सीरीज का आयोजन सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से किया जा सके।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन