Simran Mallick / Mon, Sep 21, 2026 / Post views : 7
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल मानसून ने अच्छी दस्तक दी है। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की बारिश रिपोर्ट के मुताबिक, 1 जून से 13 सितंबर 2026 तक प्रदेश में सामान्य औसत बारिश का 99.9 प्रतिशत दर्ज किया गया है। इस अवधि में राज्य में 988.5 मिमी औसत वर्षा हुई, जबकि पिछले 10 वर्षों का औसत 989.9 मिमी रहा है।
पिछले 24 घंटे के दौरान भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। इस दौरान राज्य में औसतन 12.6 मिमी वर्षा हुई। सबसे अधिक बारिश दंतेवाड़ा में 46.3 मिमी दर्ज की गई।
बलरामपुर में सामान्य से 77% ज्यादा बारिश
मानसून के दौरान प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बारिश का असर अलग-अलग रहा। बलरामपुर जिले में सामान्य से 77 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। यहां अब तक कुल 1482.8 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य औसत का 177 प्रतिशत है।
इसके अलावा सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 146.3 प्रतिशत, रायपुर में 131.8 प्रतिशत, एमसीबी में 127.1 प्रतिशत और महासमुंद में 125.7 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है।
मैदानी क्षेत्रों के कई जिलों में भी सामान्य से बेहतर बारिश हुई है। बलौदाबाजार, मुंगेली, गरियाबंद और धमतरी सहित कई जिलों में अच्छी बारिश से खेती-किसानी को फायदा मिलने की उम्मीद है।
इन जिलों में बारिश अब भी सामान्य से कम
प्रदेश के कुछ जिलों में मानसून के बावजूद बारिश की कमी बनी हुई है। बेमेतरा में 563.8 मिमी, यानी सामान्य का 78.2 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है। वहीं सरगुजा में 589.4 मिमी, जो सामान्य का 79.7 प्रतिशत है।
बस्तर संभाग के कुछ जिलों में भी बारिश सामान्य से कम रही। कांकेर में 67.1 प्रतिशत, सुकमा में 70.5 प्रतिशत और बीजापुर में 74.7 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई है।
कुल मिलाकर प्रदेश में मानसून की स्थिति सामान्य के करीब रही है। हालांकि जिलावार बारिश में काफी अंतर देखने को मिला है, जिससे कुछ इलाकों में जहां जलस्रोतों और खेती को फायदा मिला, वहीं कम बारिश वाले जिलों में पानी और फसलों को लेकर चिंता बनी हुई है।
Tags :
#Chhattisgarh Weather
#Dantewada
#Weather News
#Rainfall Data
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन