Simran Mallick / Sat, Sep 19, 2026 / Post views : 28
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की महतारी वंदन योजना के तहत हितग्राहियों के सत्यापन में बड़ी संख्या में अपात्र मामले सामने आए हैं। बिलासपुर जिले में योजना का लाभ ले रहीं 4 लाख 17 हजार 902 महिलाओं के रिकॉर्ड की जांच की गई, जिसमें 542 महिलाएं अपात्र पाई गईं। विभाग ने इन अपात्र हितग्राहियों से करीब 30 लाख रुपये की वसूली की है।
इसके अलावा ऐसे हितग्राहियों के मामले भी सामने आए हैं, जिनकी मृत्यु के बाद भी उनके बैंक खातों में योजना की राशि पहुंचती रही। ऐसे मामलों में मृत हितग्राहियों के उत्तराधिकारियों से करीब 7 लाख 60 हजार रुपये की रिकवरी की गई है।
31 किश्तों में 12 अरब से ज्यादा की राशि जारी
महतारी वंदन योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। बिलासपुर जिले में अब तक योजना की 31 किश्तें जारी हो चुकी हैं। इन किश्तों के माध्यम से करीब 12 अरब 16 करोड़ रुपये हितग्राहियों के खातों में पहुंचाए जा चुके हैं।
विभाग की ओर से हितग्राहियों की KYC भी कराई जा रही है। कुल 4 लाख 17 हजार 902 हितग्राहियों में से 4 लाख 11 हजार 989 महिलाओं की KYC पूरी हो चुकी है। यानी जिले में अब तक करीब 98.58 फीसदी KYC पूरी हो चुकी है, जबकि लगभग 1.42 फीसदी हितग्रियों का सत्यापन बाकी है।
सरकारी नौकरी से जुड़े परिवारों के मामले भी सामने आए
अधिकारियों के अनुसार, 542 अपात्र हितग्राहियों में बड़ी संख्या ऐसे मामलों की है, जहां महिलाएं ऐसे परिवारों से जुड़ी मिलीं, जो योजना की पात्रता शर्तों के अनुसार लाभ लेने के दायरे में नहीं आते। कुछ महिलाएं योजना शुरू होने के समय पात्र थीं, लेकिन बाद में उनकी परिस्थितियां बदलने के कारण वे अपात्र हो गईं।
वहीं, कुछ मामलों में हितग्राही की मृत्यु के बाद भी खाते में राशि पहुंचने की जानकारी सामने आई। ऐसे मामलों में उत्तराधिकारियों से भी सरकारी राशि वापस ली गई है।
कुछ महिलाओं ने खुद वापस किया योजना का लाभ
सत्यापन के दौरान कुछ महिलाओं को खुद जानकारी हुई कि वे अब योजना की पात्रता पूरी नहीं करती हैं। इसके बाद उन्होंने विभाग से संपर्क कर योजना से अपना नाम हटाने और प्राप्त राशि वापस करने की पहल की।
विभाग के अनुसार अपात्र हितग्राहियों की पहचान और राशि की वसूली की प्रक्रिया अभी जारी है। बाकी हितग्राहियों की KYC और सत्यापन पूरा होने के बाद अपात्र मामलों की संख्या और बढ़ सकती है।
Tags :
#Bilaspur News
#Government Scheme
#Mahtari Vandana Yojana
#KYC Verification
#Ineligible Beneficiaries
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन