Simran Mallick / Fri, Aug 21, 2026 / Post views : 3
रीवा मध्य प्रदेश के रीवा में लगातार हुई भारी बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। शहर से गुजरने वाली बीहर नदी उफान पर है, जिसके कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है। भारी बारिश का असर इतना ज्यादा रहा कि रीवा विधायक निवास भी पानी से घिर गया। सुरक्षा के मद्देनजर विधायक और उनके परिवार को निवास की ऊपरी मंजिल में शिफ्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि सभी लोग सुरक्षित हैं।
भारी बारिश के कारण रीवा के कई इलाकों में पानी भर गया है। नेहरू नगर, संजय नगर, गुलाब नगर, बोदाबाग, गायत्री नगर और रानीतालब समेत कई क्षेत्रों में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ा।
कई घरों में पानी घुसने से लोगों का घरेलू सामान भी प्रभावित हुआ। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए मजबूर होना पड़ा।
बीहर नदी के उफान पर आने के बाद वार्ड 15 में स्थिति गंभीर हो गई। जलभराव के बीच घरों में फंसे बुजुर्ग दंपति और एक महिला को उसके दो बच्चों के साथ SDRF की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।
वहीं, चोरहटा थाना क्षेत्र की खैरा बस्ती में भी करीब एक दर्जन परिवार पानी में फंस गए थे। पानी तेजी से बढ़ने के बाद लोग घरों की छतों पर पहुंच गए और मदद का इंतजार करने लगे। SDRF की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर लोगों को सुरक्षित निकाला।
फिलहाल बारिश रुकने के बाद कुछ इलाकों में स्थिति सामान्य होने लगी है। जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारी लगातार प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा ले रहे हैं।
मौसम विभाग ने मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में भी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों और उफनती नदियों-नालों से दूर रहने की अपील की है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन