Simran Mallick / Tue, Sep 8, 2026 / Post views : 1
रायबरेली: रायबरेली सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी मंगलवार 8 सितंबर से अपने संसदीय क्षेत्र के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। उनके दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जगह-जगह स्वागत की तैयारियां की हैं। इस दौरान राहुल गांधी कार्यकर्ताओं और आमजन से मुलाकात करने के साथ विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से संवाद करेंगे।
राहुल गांधी मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे रायबरेली पहुंचेंगे। उनके स्वागत का पहला कार्यक्रम शिवगढ़ ब्लॉक के सब्जी मंडी गुमावा बॉर्डर पर प्रस्तावित है। इसके बाद यूको बैंक शाखा हलोर, महराजगंज तिराहा पुलिस चौकी, हरदासपुर चौराहा और सारस होटल के पास कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा।
रायबरेली पहुंचने के बाद राहुल गांधी प्रभु टाउन में सर्राफा व्यवसायी प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात करेंगे। इसके बाद भुएमऊ स्थित सांसद आवास पर विभिन्न संगठनों और समूहों के प्रतिनिधियों से संवाद का कार्यक्रम है।
सांसद आवास पर राहुल गांधी नव निर्वाचित सेंट्रल बार एसोसिएशन, चिकित्सक-कैमिस्ट एसोसिएशन और खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा दौरे के दौरान वह स्थानीय लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से भी संवाद करेंगे। राहुल गांधी का रात्रि विश्राम भुएमऊ स्थित सांसद आवास पर ही प्रस्तावित है।
राहुल गांधी के दौरे के दूसरे दिन यानी बुधवार 9 सितंबर को सुबह 9 बजे से 10:30 बजे तक सांसद आवास पर आमजन और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों से मुलाकात का कार्यक्रम रखा गया है।
इसके बाद सुबह 10:35 बजे विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास का कार्यक्रम प्रस्तावित है। वहीं, सुबह 11:30 बजे राहुल गांधी ‘दिशा’ यानी जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक में शामिल होंगे।
राहुल गांधी के दो दिवसीय रायबरेली दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है। जिला और शहर कांग्रेस कमेटी की ओर से पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से कार्यक्रमों में अपेक्षित सहयोग करने की अपील की गई है।
राहुल गांधी का यह दौरा संसदीय क्षेत्र में स्थानीय लोगों से संवाद, विकास कार्यों की समीक्षा और विभिन्न प्रतिनिधिमंडलों के साथ बातचीत के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन