नई दिल्ली।
किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को दिल्ली कूच का ऐलान करते हुए बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया है। सुबह से ही पंजाब के कई जिलों से सैकड़ों किसान बसों में सवार होकर दिल्ली की ओर रवाना हुए, लेकिन दिल्ली की सीमाओं पर उन्हें पुलिस ने रोक दिया। इसके चलते कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हुआ और लंबा जाम लग गया।
जानकारी के मुताबिक, पंजाब के पटियाला समेत विभिन्न इलाकों से किसान सुबह दिल्ली के लिए निकले थे। बहादुरगढ़ के पास अर्बन एक्सटेंशन रोड (UER) पर दिल्ली पुलिस ने किसानों की बसों को आगे बढ़ने से रोक दिया। किसानों और पुलिस के बीच बहस की स्थिति भी बनी, जबकि मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

किसानों के दिल्ली महापंचायत के आह्वान को देखते हुए पंजाब-हरियाणा सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। शंभू बॉर्डर सहित कई संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घग्गर नदी के पुल समेत प्रमुख मार्गों पर निगरानी रखी जा रही है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
किसान संगठनों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर केंद्र सरकार से स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए। वहीं, आंदोलन के कारण सीमावर्ती इलाकों में आम लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन ने लोगों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
Tags :
rashtriyasevajohar
#KisanProtest
#DelhiChalo
#FarmerProtest
#PunjabHaryanaBorder
#DelhiNews
विज्ञापन
विज्ञापन