Simran Mallick / Sun, Sep 20, 2026 / Post views : 14
पटना: बिहार के भूमिहीन परिवारों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने ‘अभियान बसेरा-2’ के तहत 30 हजार भूमिहीन परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। इन पात्र परिवारों को घर बनाने के लिए तीन-तीन डिसमिल जमीन दी जाएगी। 20 नवंबर 2026 को विशेष अभियान के तहत लाभुकों को बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र यानी जमीन का पर्चा वितरित किया जाएगा।
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने इसके लिए सभी जिलों को लक्ष्य आवंटित कर जरूरी निर्देश जारी किए हैं। विभाग के निर्देश के अनुसार अभियान बसेरा-2 के तहत अब तक सर्वेक्षित और लंबित पात्र परिवारों की सूची का परीक्षण पूरा किया जाएगा। नए पात्र लाभुकों की जानकारी अभियान बसेरा पोर्टल पर दर्ज करने की प्रक्रिया भी पूरी करने को कहा गया है।
किन परिवारों को मिलेगा लाभ?
अभियान बसेरा-2 के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराने का प्रावधान है। लाभुकों को घर बनाने के लिए तीन डिसमिल जमीन दी जाएगी। तीन डिसमिल लगभग 1,307 वर्गफीट के बराबर होती है।
इससे पहले 15 अगस्त 2026 को भी 30 हजार पात्र भूमिहीन परिवारों को तीन-तीन डिसमिल जमीन के बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र देने का अभियान चलाया गया था। उपलब्ध रिपोर्ट के मुताबिक अभियान बसेरा के तहत अब तक बड़ी संख्या में भूमिहीन परिवारों को वासभूमि उपलब्ध कराई जा चुकी है।
6 नवंबर तक पूरी करनी होगी प्रक्रिया
राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग ने अधिकारियों को अभियान बसेरा-2 के तहत सर्वेक्षित और लंबित सुयोग्य परिवारों की सूची का परीक्षण जल्द पूरा करने का निर्देश दिया है। नए पात्र परिवारों की पोर्टल पर एंट्री भी सुनिश्चित करने को कहा गया है। विभागीय निर्देश के अनुसार यह प्रक्रिया 6 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद 20 नवंबर को लाभुकों के बीच जमीन के पर्चे वितरित किए जाएंगे।
पर्चा मिलने के बाद जमीन पर कब्जा भी दिलाया जाएगा
विभाग ने केवल पर्चा देने तक सीमित नहीं रहने के निर्देश दिए हैं। जिन लाभुकों को पहले वासगीत पर्चा मिल चुका है लेकिन जमीन पर कब्जा नहीं मिला, ऐसे मामलों में ‘ऑपरेशन भूमि दखल-देहानी’ के तहत कार्रवाई करने को कहा गया है।
इसके लिए संबंधित जमीन की पहचान और राजस्व रिकॉर्ड का सत्यापन किया जाएगा। इसके बाद पात्र पर्चाधारियों को उनकी आवंटित जमीन पर दखल दिलाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। विभाग ने जिलों से अंचलवार रिपोर्ट भी मांगी है।
किस जिले में कितने लाभुकों का लक्ष्य?
विभाग द्वारा निर्धारित जिलेवार लक्ष्य में पटना के लिए 1,709, मुजफ्फरपुर के लिए 1,405, पूर्वी चंपारण के लिए 1,493, मधुबनी के लिए 1,314, गया के लिए 1,285 और समस्तीपुर के लिए 1,247 लाभुकों का लक्ष्य बताया गया है। इसके अलावा दरभंगा, सारण, सीतामढ़ी, वैशाली, सीवान, भागलपुर, पूर्णिया समेत अन्य जिलों के लिए भी लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
इस योजना का उद्देश्य ऐसे पात्र परिवारों को आवासीय भूमि उपलब्ध कराना है, जो वासभूमि से वंचित हैं। ‘अभियान बसेरा-2’ के तहत पात्र परिवारों की पहचान, सत्यापन और बंदोबस्ती प्रमाण-पत्र वितरण की प्रक्रिया प्रशासनिक स्तर पर की जा रही है।
Tags :
#Bihar Free Land Scheme
#Bihar Land Allotment
#Landless Families
#Bihar Vasbhumi Scheme
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन