Simran Mallick / Mon, Sep 21, 2026 / Post views : 3
केरल। केरल में भारी बारिश के चलते कई जिलों में हालात बिगड़ गए हैं। रविवार को इडुक्की, मलप्पुरम और कोट्टायम समेत कई इलाकों में तेज बारिश के बाद लैंडस्लाइड, मडस्लाइड और अचानक आई बाढ़ की घटनाएं सामने आईं। इन हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
बिगड़ते हालात को देखते हुए प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने स्थिति की नियमित समीक्षा करने और प्रभावित क्षेत्रों में जरूरी राहत व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
कोट्टापुझा नदी में फ्लैश फ्लड, दो की मौत
मलप्पुरम जिले के नीलांबुर-अमराम्बलम क्षेत्र में अचानक कोट्टापुझा नदी का जलस्तर बढ़ गया। बताया जा रहा है कि पांच लोग नदी में नहाने के लिए उतरे थे, तभी अचानक आई बाढ़ में सभी बह गए।
स्थानीय लोगों की मदद से एक व्यक्ति को बचा लिया गया। वहीं अग्निशमन एवं बचाव दल ने दो लोगों के शव बरामद किए हैं। दो अन्य लोगों की तलाश जारी है। मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्र में आपदा प्रबंधन बल की विशेष टीम भेजने के निर्देश दिए हैं।
कोट्टायम में भूस्खलन से महिला की मौत
कोट्टायम जिले में भी भारी बारिश के बीच भूस्खलन की घटना हुई। रविवार शाम हुए हादसे में तमिलनाडु की एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी साथी घायल हो गई।
जानकारी के मुताबिक दोनों महिलाएं वागामोन से लौट रही थीं। इसी दौरान सड़क पर अचानक मिट्टी और मलबा आ गया। इसकी चपेट में स्कूटर सवार महिला आ गई। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इडुक्की में मिट्टी धंसने से दो की मौत
इडुक्की जिले के कोट्टाकम्बूर में बारिश से बचने के लिए शेड में रुके तीन लोग मिट्टी धंसने की घटना की चपेट में आ गए। रविवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पहाड़ी से मिट्टी का बड़ा हिस्सा शेड पर गिर गया।
मलबे के नीचे दबने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला घायल हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
लगातार बारिश के कारण केरल के कई हिस्सों में भूस्खलन और जलभराव का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन प्रभावित इलाकों पर नजर बनाए हुए है और राहत-बचाव दल जरूरत के अनुसार कार्रवाई कर रहे हैं।
Tags :
Kerala news
#Heavy Rain
#Flash Flood
#Kottapuzha River
#Landslide
#Rain Alert
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन