Simran Mallick / Sat, Oct 3, 2026 / Post views : 3
झारखंड: सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए झारखंड में बड़ा भर्ती अभियान शुरू हुआ है। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने प्रशिक्षित सहायक शिक्षक संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के जरिए कुल 7,299 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें 6,101 नियमित और 1,198 बैकलॉग पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 29 सितंबर 2026 से शुरू हो चुके हैं। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार 18 अक्टूबर 2026 की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया JSSC की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से पूरी करनी होगी।
JSSC Teacher Recruitment 2026 के तहत प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के शिक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। कक्षा 1 से 5 के लिए इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक शिक्षक के 2,756 पद निर्धारित हैं।
वहीं कक्षा 6 से 8 के लिए भाषा विषय में 1,887 पद, सामाजिक विज्ञान में 908 पद तथा विज्ञान एवं गणित में 1,748 पद हैं। सभी श्रेणियों को मिलाकर कुल 7,299 पदों पर भर्ती होगी।
कक्षा 1 से 5 के पदों के लिए उम्मीदवार का निर्धारित अंकों के साथ 12वीं पास होना और संबंधित शिक्षक प्रशिक्षण योग्यता होना जरूरी है। इसमें दो वर्षीय डिप्लोमा या चार वर्षीय बीईबीएड जैसी निर्धारित योग्यताएं शामिल हैं।
कक्षा 6 से 8 के लिए संबंधित विषय में ग्रेजुएशन के साथ दो वर्षीय डीईईडी, बीएड या चार वर्षीय बीएबीए-बीएससीबीएड जैसी निर्धारित योग्यता आवश्यक है। दोनों स्तरों के पदों के लिए संबंधित J-TET पास होना भी जरूरी है। पात्रता से जुड़ी विस्तृत शर्तें आधिकारिक भर्ती विज्ञापन के अनुसार लागू होंगी।
झारखंड एजुकेशन प्रोजेक्ट काउंसिल के तहत पैरा टीचर के रूप में कार्यरत उम्मीदवार भी इस भर्ती में पात्र हो सकते हैं, बशर्ते उन्होंने कम से कम दो वर्ष की लगातार सेवा पूरी की हो। नियमों के अनुसार कार्यरत पैरा शिक्षकों को अधिकतम आयु सीमा में विशेष छूट का प्रावधान भी दिया गया है।
उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 1 अगस्त 2026 को 21 वर्ष होनी चाहिए। अधिकतम आयु सीमा अलग-अलग श्रेणियों के लिए सरकारी नियमों के अनुसार निर्धारित की जाएगी।
सामान्य, EBC-1, EBC-2 और EWS वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये है। झारखंड के SC और ST वर्ग के उम्मीदवारों को 50 रुपये शुल्क देना होगा, जबकि निर्धारित दिव्यांगता वाले उम्मीदवारों को आवेदन शुल्क से छूट दी गई है।
उम्मीदवारों का चयन एक चरण की मुख्य लिखित परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा OMR या CBT मोड में आयोजित की जा सकती है। लिखित परीक्षा में सफल उम्मीदवारों को दस्तावेज सत्यापन के लिए बुलाया जाएगा, जिसके बाद मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
कक्षा 1 से 5 के लिए तीन और कक्षा 6 से 8 के लिए चार पेपर होंगे। चयनित इंटरमीडिएट प्रशिक्षित शिक्षकों को पे लेवल-4 में 25,500 से 81,100 रुपये तथा ग्रेजुएट प्रशिक्षित शिक्षकों को पे लेवल-5 में 29,200 से 92,300 रुपये वेतनमान मिलेगा।
आवेदन के लिए उम्मीदवार JSSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद JTAACCE 2026 शिक्षक भर्ती के लिंक पर क्लिक करके रजिस्ट्रेशन करें। लॉगिन करने के बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरें और निर्धारित शुल्क जमा करें। इसके बाद फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करके फॉर्म सबमिट करें।
आवेदन पूरा होने के बाद कंफर्मेशन पेज डाउनलोड कर उसका प्रिंट या डिजिटल कॉपी सुरक्षित रख लें। आवेदन करने से पहले उम्मीदवार आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में अपनी पात्रता, आयु सीमा और अन्य शर्तों की जांच जरूर कर लें।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन