Simran Mallick / Mon, Sep 28, 2026 / Post views : 55
लखनऊ: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मिशन रोजगार के तहत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में सीएम योगी ने नवनियुक्त अधिकारियों और उनके परिजनों को बधाई दी। उन्होंने चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए युवाओं से ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की।
सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले सरकारी नौकरी की भर्ती प्रक्रिया को लेकर युवाओं में आशंका रहती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि योग्य होने के बावजूद गरीब और बिना पहुंच वाले परिवारों के युवाओं को अवसर नहीं मिल पाता था।
मुख्यमंत्री ने सपा सरकार के विकास मॉडल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उसके लिए विकास का मतलब केवल सैफई तक सीमित था। उन्होंने 2017 से पहले की कानून-व्यवस्था को लेकर भी अपनी सरकार की तुलना पिछली सरकारों से की।
छह महीने में एक लाख नियुक्तियों का लक्ष्य
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार रोजगार के क्षेत्र में लगातार नियुक्ति पत्र वितरित कर रही है। उन्होंने कहा कि सितंबर में यह नियुक्ति पत्र वितरण का चौथा कार्यक्रम है और अक्टूबर के पहले सप्ताह से फिर नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।
मुख्यमंत्री के अनुसार, अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि रोजगार और भर्ती की प्रक्रिया आगे भी जारी रहेगी।
ग्राम सचिवालयों को लेकर क्या बोले सीएम?
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों से गांवों में बेहतर प्रशासन और विकास सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्राम सचिवालयों में ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत अधिकारी के कार्यालय के साथ अन्य जरूरी सेवाओं की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने पंचायतों की आय बढ़ाने पर भी जोर दिया। सीएम के मुताबिक, ग्राम पंचायतें अपनी भूमि, दुकानों और तालाबों का बेहतर उपयोग कर अपनी आय बढ़ा सकती हैं। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से मॉडल और स्मार्ट ग्राम पंचायत की दिशा में काम करने को कहा।
ग्रामीण विकास में निभानी होगी अहम भूमिका
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य विकसित उत्तर प्रदेश और आत्मनिर्भर ग्राम पंचायतों के जरिए हासिल किया जा सकता है। उन्होंने नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को ग्रामीण स्तर पर योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की बात कही।
कार्यक्रम में पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
Tags :
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन