Simran Mallick / Tue, Sep 1, 2026 / Post views : 5
रायपुर: छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए बड़ी खबर है। कृषि को अधिक लाभकारी बनाने और किसानों की आय बढ़ाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने कृषक उन्नति योजना के तहत महत्वपूर्ण फैसला लिया है। अब धान के स्थान पर वैकल्पिक खरीफ फसलों की खेती करने वाले पात्र किसानों को ₹15,000 प्रति एकड़ आदान सहायता राशि दी जाएगी।
इससे पहले मक्का, कोदो, कुटकी, रागी, दलहन-तिलहन और कपास जैसी फसलों की खेती करने वाले किसानों को ₹10,000 प्रति एकड़ की प्रोत्साहन राशि दी जा रही थी। अब धान के स्थान पर वैकल्पिक फसल लेने वाले किसानों के लिए यह राशि बढ़ाकर ₹15,000 प्रति एकड़ कर दी गई है।
किन फसलों पर मिलेगा लाभ?
सरकार का उद्देश्य किसानों को धान की पारंपरिक खेती के साथ-साथ दलहन, तिलहन और अन्य लाभकारी वैकल्पिक फसलों की ओर प्रोत्साहित करना है। इन फसलों में अपेक्षाकृत कम सिंचाई की जरूरत हो सकती है। इससे सिंचाई लागत कम करने, भू-जल संरक्षण, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और किसानों की आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
बैंक खाते में सीधे आएगी राशि
योजना का लाभ लेने के लिए किसानों का एग्रीस्टेक और एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन जरूरी है। खेत के रकबे और बोई गई फसल का सत्यापन डिजिटल क्रॉप सर्वे के माध्यम से किया जाएगा। सत्यापन के बाद पात्र किसानों को मान्य रकबे के आधार पर आदान सहायता राशि DBT के जरिए सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी।
31 अक्टूबर तक करा सकते हैं पंजीयन
खरीफ मौसम 2026 के लिए किसानों को 31 अक्टूबर 2026 तक नवीन पंजीयन और आवश्यक संशोधन कराने का अवसर दिया गया है। किसानों को अपनी संबंधित सहकारी समिति में जाकर एकीकृत किसान पोर्टल पर पंजीयन या जरूरी संशोधन समय पर कराने की सलाह दी गई है।
दलहन-तिलहन की MSP पर होगी खरीदी
किसानों को एक और बड़ी राहत देते हुए सरकार के प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (PM-AASHA) के तहत अधिसूचित दलहन और तिलहन फसलों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी की जाएगी।
पात्र किसान अपनी उपज अधिसूचित खरीदी केंद्रों पर बेच सकेंगे और समर्थन मूल्य के अनुसार मिलने वाली राशि DBT के माध्यम से सीधे बैंक खाते में ट्रांसफर की जाएगी। इसके लिए भी एकीकृत किसान पोर्टल में पंजीयन आवश्यक होगा।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर पंजीयन और आवश्यक संशोधन पूरा कर योजना का लाभ उठाएं।
Tags :
Cg news
CGFarmers
#ChhattisgarhFarmers
#CGKisanYojana
#FarmersGoodNews
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन